
Maharashtra Politics: दिवंगत नेता अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना के नेता रामदास कदम ने हादसे के पीछे एनसीपी के वरिष्ठ नेता सुनील तटकरे की भूमिका की जांच कराने की मांग की थी। अब तटकरे ने इन आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने रामदास कदम पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें ठाणे के बजाय आगरा जाकर मनोचिकित्सक से इलाज कराना चाहिए। तटकरे ने कानूनी नोटिस भेजने की भी चेतावनी दी है।
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार नीत एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने सामने आकर रामदास कदम के आरोपों का जवाब दिया है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कदम पर जमकर निशाना साधा और उनके आरोपों को निराधार बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई।
सुनील तटकरे ने कहा कि रामदास कदम ने उन पर जो आरोप लगाए हैं, वे बेहद आपत्तिजनक हैं और वह इनका कड़े शब्दों में विरोध करते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "रामदास कदम की हालिया मानसिक स्थिति को देखते हुए मुझे लगता है कि ठाणे के मुकाबले आगरा में मनोचिकित्सक बेहतर हैं। मेरी उनसे अपील है कि वे वहां जाकर अपना इलाज शुरू कराएं।"
तटकरे ने पूर्व मुख्यमंत्री एआर अंतुले का जिक्र करते हुए कहा कि अंतुले साहब ने उनसे बेटे की तरह प्यार किया और एक कार्यकर्ता के रूप में उन्हें अवसर दिया। वह उनका हमेशा सम्मान करते हैं और उनका नाम आदर से लेते हैं। उन्होंने कहा कि वह अंतुले के निजी सहायक (PA) नहीं थे।
तटकरे ने आरोप लगाया कि रामदास कदम ने अपने राजनीतिक जीवन में अंतुले के खिलाफ भी कई आपत्तिजनक बयान दिए थे। ऐसे में उन्हें अंतुले के बारे में बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
सुनील तटकरे ने साफ कहा कि वह रामदास कदम के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे और उन्हें जल्द ही कानूनी नोटिस भेजेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उन पर आरोप लगाने से पहले कदम को उद्धव ठाकरे गुट के नेता अनिल परब की ओर से लगाए गए आरोपों पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।
तटकरे ने कहा कि उन पर लगाए जा रहे आरोपों का कोई आधार नहीं है और वह इस तरह के बयानों को स्वीकार नहीं करेंगे।
वरिष्ठ नेताओं से शिकायत करने के सवाल पर सुनील तटकरे ने कहा कि उन्होंने कभी किसी के सामने अपनी शिकायत नहीं रखी है। उनकी राजनीतिक पृष्ठभूमि के बारे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सभी अच्छी तरह जानते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने इस मामले में किसी भी वरिष्ठ नेता से शिकायत नहीं की है।
तटकरे ने रामदास कदम के साथ अपने पुराने राजनीतिक संबंधों का जिक्र करते हुए एक पुरानी घटना का दावा किया। उन्होंने कहा कि जब नारायण राणे ने शिवसेना छोड़ी थी, उस समय तत्कालीन विधायक गोपीनाथ मुंडे की ओर से नेता प्रतिपक्ष के पद को लेकर एक पत्र आया था।
तटकरे के मुताबिक, उस दौरान रामदास कदम उनके 'मेघदूत' बंगले पर आए थे और उनसे मदद की गुहार लगाई थी। इसके बाद वह कदम को अपनी गाड़ी में लेकर अजित पवार के पास गए थे। तटकरे ने दावा किया कि इसके बाद ही कदम नेता प्रतिपक्ष बने।
उन्होंने रामदास कदम को इस दावे को गलत साबित करने की चुनौती भी दी।
लोकसभा सांसद तटकरे ने कहा कि बिना तथ्यों के काल्पनिक और निराधार आरोप लगाना किसी की कमजोर मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने दोहराया कि वह रामदास कदम को कानूनी नोटिस भेजेंगे।
फिलहाल अजित पवार की विमान दुर्घटना को लेकर रामदास कदम के बयान और सुनील तटकरे की तीखी प्रतिक्रिया ने महाराष्ट्र की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है।