मुंबई

रोहित पवार पर भड़के सत्यजीत तांबे, बोले- राजनीतिक महत्वाकांक्षा के लिए सीमाएं न लांघें, फडणवीस पर आरोप गलत

Rohit Pawar on Devendra Fadnavis: अजित पवार विमान हादसे को लेकर एनसीपी (शरद पवार) विधायक रोहित पवार के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर लगाए आरोपों के बाद सत्यजीत तांबे ने पलटवार किया है। उन्होंने रोहित पवार को मर्यादा में रहने की सलाह दी है।
3 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 1:17 PM IST
Ajit Pawar Plane Crash
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार (Photo: IANS)

Ajit Pawar Plane Crash: महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत को लेकर राज्य की राजनीति गरमा गई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार द्वारा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर विमान हादसे की जांच को लेकर सवाल उठाए जाने के बाद अब निर्दलीय विधान परिषद सदस्य (MLC) सत्यजीत तांबे ने उन पर निशाना साधा है। तांबे ने कहा कि बिना ठोस सबूत किसी दुखद हादसे को राजनीतिक आरोपों से जोड़ना गलत है। उन्होंने रोहित पवार को राजनीतिक महत्वाकांक्षा के लिए मर्यादा नहीं लांघने और संयम बरतने की सलाह भी दी।

सत्यजीत तांबे बोले- हादसे को राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल करना गलत

सत्यजीत तांबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर रोहित पवार के बयानों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अजित दादा की दुर्घटना में मौत के बाद बिना किसी ठोस आधार के इस हादसे को देवेंद्र फडणवीस से जोड़ने की कोशिश करना केवल राजनीतिक आरोप नहीं, बल्कि बेहद गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण कदम है। इतने संवेदनशील मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाने के लिए इस्तेमाल करना पूरी तरह गलत है।

उन्होंने रोहित पवार को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीति में महत्वाकांक्षा होना स्वाभाविक है। युवा नेताओं के भी अपने लक्ष्य और आकांक्षाएं होती हैं, लेकिन उन्हें हासिल करने के लिए राजनीतिक और व्यक्तिगत मर्यादाओं का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है।

रोहित पवार को लगाई फटकार

सत्यजीत तांबे ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, शरद गुट के नेता रोहित पवार को सार्वजनिक बयान देने से पहले मुद्दे की गंभीरता, उसके संभावित परिणाम और बयान देने के समय पर विचार करना चाहिए। राजनीति में हर चीज का एक सही समय होता है। परिस्थितियों के बदलने पर कई अवसर अपने आप सामने आते हैं। इसलिए राजनीतिक सफर में जल्दबाजी करने के बजाय धैर्य, अध्ययन और निरंतरता को अधिक महत्व देना चाहिए।

तांबे ने यह भी याद दिलाया कि अजित पवार और देवेंद्र फडणवीस के बीच करीबी राजनीतिक और व्यक्तिगत संबंध रहे हैं। ऐसे में इस संवेदनशील मामले पर बयान देते समय मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।

रोहित पवार ने फडणवीस पर लगाए थे गंभीर आरोप

दरअसल, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने सोमवार को मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अजित पवार विमान हादसे की जांच को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि फडणवीस विमानन कंपनी वीएसआर वेंचर्स (VSR Ventures) के मालिक वीके सिंह को बचा रहे हैं। इसी कंपनी का लियरजेट 45 विमान 28 जनवरी 2026 को पुणे जिले के बारामती के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। इस हादसे में तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई थी।

रोहित पवार का दावा था कि वीएसआर वेंचर्स के मालिक और मुख्यमंत्री फडणवीस के बीच करीबी संबंध है और इसी वजह से सही कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने मामले की जांच महाराष्ट्र सीआईडी के बजाय केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराने की मांग की।

हालांकि, रोहित पवार ने स्पष्ट किया था कि वह फडणवीस पर विमान हादसा कराने या साजिश में शामिल होने का आरोप नहीं लगा रहे हैं, बल्कि उनका सवाल कंपनी के मालिक को कथित तौर पर संरक्षण दिए जाने को लेकर है।

अमित शाह को फडणवीस ने लिखा पत्र

दूसरी ओर, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस मामले की जांच में तेजी लाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। उन्होंने हादसे की जांच जल्द पूरी करने और जांच रिपोर्ट को जल्द सार्वजनिक करने की मांग की है।

फडणवीस के मुताबिक, उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री से व्यक्तिगत रूप से हस्तक्षेप कर जांच में तेजी लाने का अनुरोध किया है। अमित शाह ने भी इस मामले को देखने का आश्वासन दिया है।

Updated on:
17 Nov 2026, 1:17 PM IST
Published on: