मुंबई

उद्धव गुट के वरिष्ठ नेता ने की शिंदे के करीबी से मुलाकात, शिवसेना के विलय पर क्या कहा?

Shiv Sena News: महाराष्ट्र की राजनीति में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और शिवसेना (एकनाथ शिंदे) के बीच जारी सियासी खींचतान के बीच एक अहम मुलाकात हुई है। शिवसेना (UBT) के वरिष्ठ नेता अंबादास दानवे ने उपसभापति सचिन अहीर से मुलाकात की।
2 min read
• •
Updated: 15 Nov 2026, 11:33 AM IST
Eknath Shinde Uddhav Thackeray
उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे। फाइल फोटो- पत्रिका

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों से बड़ी खबर सामने आ रही है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के वरिष्ठ नेता अंबादास दानवे ने उपसभापती और शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता सचिन अहीर से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब 15 मिनट तक बंद कमरे में चर्चा हुई। इस अचानक हुई मुलाकात ने सियासी अटकलों का बाजार गर्म कर दिया, हालांकि मुलाकात के तुरंत बाद दानवे ने अपनी पहली प्रतिक्रिया देते हुए राजनीतिक समीकरणों को लेकर स्थिति साफ कर दी। उन्होंने स्पष्ट कहा, दिवाली की शुभकामनाएं देने आया हूं, लेकिन साथ आने का सवाल नहीं है।

दानवे के इस बयान को महाराष्ट्र की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हाल के दिनों में उद्धव ठाकरे की शिवसेना को कई बड़े राजनीतिक झटके लगे हैं। पार्टी के 9 में से 6 लोकसभा सांसदों ने उद्धव ठाकरे का साथ छोड़कर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना का दामन थाम लिया था। इसके बाद सचिन अहीर ने भी ठाकरे गुट से अलग होकर शिंदे की शिवसेना का दामन थाम लिया था।

सचिन अहीर से मुलाकात के बाद दानवे का बड़ा बयान

अंबादास दानवे और सचिन अहीर की मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, दानवे ने इन अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश की। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों नेताओं की मुलाकात का मकसद केवल दिवाली की शुभकामनाएं देना था। इसका राजनीतिक रूप से एक साथ आने से कोई संबंध नहीं है।

NCP के दोनों गुटों का विलय नहीं होगा: अंबादास दानवे

इस दौरान अंबादास दानवे ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने साफ कहा कि दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टियों का विलय नहीं होने जा रहा है। सिर्फ बातचीत हो रही है। दानवे ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की नजर शरद गुट के सांसदों पर है और यही सच्चाई है।

प्रफुल्ल पटेल को लेकर भी कसा तंज

जब दानवे से पूछा गया कि क्या सुनेत्रा पवार की पार्टी में दो गुट बन गए हैं, तो उन्होंने प्रफुल्ल पटेल पर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, प्रफुल्ल पटेल का क्या महत्व है? ऐसे में पार्टी में दो गुट होने की बात कैसे कही जा सकती है?

दरअसल, महाराष्ट्र में शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (एसपी) और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाले गुट के बीच संभावित विलय को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं। इस मुद्दे पर शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत भी तीखी प्रतिक्रिया दे चुके हैं।

संजय राउत बोले- शरद पवार की छवि को नुकसान हो रहा

इससे पहले शनिवार को उद्धव गुट के कद्दावर नेता संजय राउत ने एनसीपी के दोनों गुटों के विलय और शरद पवार की पार्टी के भाजपा के नेतृत्व वाले NDA में शामिल होने की चर्चाओं पर सवाल उठाए थे।

शिवसेना (UBT) के मुखपत्र 'सामना' के संपादकीय में राउत ने कहा कि इस तरह की अफवाहें शरद पवार की राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचा सकती हैं। उन्होंने दावा किया कि असली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी वही है, जिसकी स्थापना शरद पवार ने की थी और जो उनके नेतृत्व में काम कर रही है।

सामना के संपादकीय में यह भी आरोप लगाया गया कि सुनेत्रा पवार की एनसीपी का कोई वैचारिक आधार नहीं है। कुछ नेताओं की मंत्री पद पाने की महत्वाकांक्षा के लिए शरद पवार के सिद्धांतों से समझौता करना उचित नहीं है।

Updated on:
15 Nov 2026, 11:33 AM IST
Published on: