
Amit Shah Ajit Pawar: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय पुणे दौरे पर हैं। सोमवार (16 नवंबर) को उन्होंने पुणे में दिवंगत नेता अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण किया। इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार समेत कई नेता मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने अजित पवार से जुड़ी कई यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि अजित पवार उपमुख्यमंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर रहने के बावजूद बार-बार बारामती क्यों जाते थे और वहां जनता के बीच क्यों समय बिताते थे।
अमित शाह ने कहा कि वह अजित पवार से अक्सर पूछते थे कि उपमुख्यमंत्री होने के बावजूद वह बार-बार बारामती क्यों जाते हैं। इसके जवाब में अजित पवार जनता की समस्याओं और उनके सवालों का हवाला देते थे। शाह के मुताबिक, अजित पवार कहते थे कि बारामती में लगने वाले जनता दरबार से उन्हें लोगों की समस्याओं की जानकारी मिलती है। उनका कहना था कि उनके घर का दरवाजा आम लोगों के लिए हमेशा खुला रहता था और कोई भी व्यक्ति सुबह-सुबह उनके घर पहुंचकर उन्हें जगा सकता था। अमित शाह ने कहा कि राज्य के उपमुख्यमंत्री जैसे पद पर रहने के बावजूद अजित पवार ने आखिरी समय तक जनता के बीच रहना नहीं छोड़ा। उन्हें हमेशा लोगों के बीच रहना पसंद था।
अमित शाह ने कोरोना काल को याद करते हुए कहा कि उस समय भी अजित पवार सुबह-सुबह अपने कार्यालय में मौजूद रहते थे। उन्होंने महाराष्ट्र के सहकारिता क्षेत्र में अजित पवार के योगदान की भी तारीफ की। शाह ने कहा कि दूध संघों, चीनी मिलों और सहकारी बैंकों समेत सहकारिता से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों की उन्हें गहरी जानकारी थी। उनके मुताबिक, महाराष्ट्र में सहकारिता क्षेत्र को आगे बढ़ाने में अजित पवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अमित शाह ने बारामती के विकास की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि बारामती देश के सबसे विकसित लोकसभा क्षेत्रों में से एक है और इसके विकास में अजित पवार का बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि बारामती के विकास पर उन्हें ज्यादा कुछ कहने की जरूरत नहीं है, क्योंकि इस क्षेत्र की पहचान ही उसके विकास के कारण देशभर में बनी है।