16 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

AI से किसी का भी चेहरा और आवाज चुराना पड़ेगा भारी! चिरंजीवी ने अमित शाह को सौंपा ज्ञापन, की सख्त कार्रवाई की मांग

Chiranjeevi Kishan Reddy AI Misuse: मेगास्टार चिरंजीवी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सलाह पर केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी को ज्ञापन सौंपकर AI के दुरुपयोग और डीपफेक के खिलाफ सख्त कानून बनाने की मांग की है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

Shiwani Mishra

•

Updated: 16 Nov 2026, 1:52 PM IST

Chiranjeevi AI Misuse

वॉयस क्लोनिंग और फर्जी वीडियो पर लगेगी लगाम (सोर्स ;X-@ians_india)

Digital Impersonation Actors: फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते दुरुपयोग और डीपफेक के खतरों के खिलाफ अब साउथ इंडस्ट्री के मेगास्टार चिरंजीवी ने मोर्चा खोल दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हुई मुलाकात और उनकी सलाह के बाद चिरंजीवी ने केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा है। इस ज्ञापन के जरिए उन्होंने सरकार से कलाकारों की डिजिटल पहचान और निजता की सुरक्षा के लिए सख्त कानून बनाने की मांग की है।

अमित शाह की सलाह पर उठाया बड़ा कदम

चिरंजीवी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस पहल की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस महीने की शुरुआत में 2 नवंबर को हैदराबाद स्थित उनके आवास पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आए थे। इस दौरान चिरंजीवी और उनके बेटे राम चरण ने अमित शाह से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री पर AI के नकारात्मक प्रभावों और डिजिटल इम्पर्सनेशन को लेकर विस्तार से चर्चा की थी।

गृह मंत्री के सुझाव पर अमल करते हुए चिरंजीवी ने शनिवार को केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी से मुलाकात की और केंद्रीय गृह मंत्रालय व सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। चिरंजीवी ने कहा कि तकनीक का इस्तेमाल रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए होना चाहिए, न कि किसी की गरिमा को खत्म करने के लिए।

'दशकों की मेहनत कुछ ही सेकंड में बर्बाद हो सकती है'

ज्ञापन में चिरंजीवी ने डीपफेक वीडियो, वॉयस क्लोनिंग और बिना अनुमति के कलाकारों के चेहरे व आवाज के इस्तेमाल पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने लिखा कि जिन कलाकारों ने अपनी पहचान और प्रतिष्ठा बनाने में दशकों लगा दिए हैं, इस तरह के मॉर्फ्ड कंटेंट से उनकी छवि, मानसिक शांति और आर्थिक हितों को भारी नुकसान पहुंच सकता है। उनके मुताबिक, यह एक ऐसी गंभीर समस्या है जो दशकों की मेहनत को कुछ ही सेकंड में बर्बाद कर सकती है, इसलिए इस पर तत्काल ध्यान देने की जरूरत है।

सरकार के सामने रखे तीन प्रमुख सुझाव

चिरंजीवी ने इस समस्या से निपटने के लिए केंद्र सरकार के सामने तीन ठोस सुझाव भी रखे हैं। पहला, AI के जरिए किसी व्यक्ति के चेहरे, आवाज और रूप-रंग के अनधिकृत व्यावसायिक या दुर्भावनापूर्ण उपयोग को रोकने के लिए स्पष्ट कानूनी सुरक्षा दी जाए। दूसरा, किसी भी कलाकार की पहचान या प्रदर्शन को डिजिटल रूप से दोहराने से पहले उसकी स्पष्ट और लिखित सहमति अनिवार्य की जाए। तीसरा, दुर्भावनापूर्ण डीपफेक बनाने और फैलाने वालों के खिलाफ सख्त दीवानी और आपराधिक कार्रवाई का प्रावधान कर कड़ी सजा तय की जाए।

कई अभिनेत्रियां हो चुकी हैं AI का शिकार

गौरतलब है कि चिरंजीवी का यह कदम ऐसे समय में आया है जब भारतीय फिल्म उद्योग की कई चर्चित हस्तियां एआई के दुरुपयोग का शिकार हो चुकी हैं। इससे पहले रश्मिका मंदाना, कीर्ति सुरेश, श्रीलीला, जाह्नवी कपूर, रुक्मिणी वसंत और सुनैना जैसी कई अभिनेत्रियों के डीपफेक वीडियो और मॉर्फ्ड तस्वीरें वायरल हो चुकी हैं, जिस पर उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए नाराजगी भी जाहिर की थी।