मुंबई

180 नहीं, सिर्फ 12 पीड़िताएं! अमरावती स्कैंडल में पुलिस का खुलासा, 8 आरोपी गिरफ्तार पर नहीं मिली कोई शिकायत

Amravati Sex Scandal: अमरावती यौन उत्पीड़न के सनसनीखेज मामले में अब तक आठ पीड़ित लड़कियों की पहचान हो चुकी है और ये सभी मुस्लिम समुदाय से हैं। मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

2 min read
Apr 17, 2026
Amravati Sexual Abuse Case Ayan Ahmed
अमरावती यौन शोषण मामले में बड़ा खुलासा, 8 आरोपी गिरफ्तार

महाराष्ट्र के अमरावती जिले में सामने आए सनसनीखेज यौन शोषण कांड में कार्रवाई तेज हो गई है। इस मामले में 19 वर्षीय मुख्य आरोपी अयान अहमद सहित 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अयान उर्फ मोहम्मद अयाज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट के तहत परातवाड़ा थाने में पुलिस ने खुद ही एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने बताया कि अब तक आठ पीड़ितों की पहचान हो चुकी है और ये सभी मुस्लिम समुदाय से हैं। हालांकि अभी तक किसी पीड़िता ने सामने आकर शिकायत दर्ज नहीं करवाई है।

घर से लैपटॉप, टैब और हार्ड डिस्क जब्त

अमरावती (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विशाल आनंद के मुताबिक, आरोपियों में से एक के घर पर छापेमारी के दौरान लैपटॉप, टैबलेट और हार्ड डिस्क बरामद की गई है। इन डिवाइसेज में कई आपत्तिजनक सामग्री मिलने की आशंका है, जिसकी फॉरेंसिक जांच जारी है।

अब तक 8 पीड़ितों की पहचान, कई नाबालिग भी

पुलिस जांच में अब तक 8 पीड़ित लड़कियों की पहचान की जा चुकी है। सभी इनमें एक नागपुर, दो अमरावती शहर, जबकि अन्य अकोला, अचलपुर और आसपास के क्षेत्रों की रहने वाली हैं। पुलिस के अनुसार, कुछ पीड़ित नाबालिग भी हो सकती हैं, जिसके चलते मामले में पॉक्सो एक्ट भी जोड़ा गया है।

मुख्य आरोपी अयान अहमद पर गंभीर आरोप

जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी अयान अहमद ने करीब 2-3 साल के दौरान सोशल मीडिया के जरिए कई लड़कियों से संपर्क बनाया। इसके बाद कथित तौर पर लड़कियों को सुनसान जगहों पर बुलाकर उनका यौन शोषण करता था। दोस्त के फ्लैट पर भी ले जाता था। इस दौरान गुपचुप तरीके से उनका अश्लील वीडियो बना लेता था। नागपुर की एक पीड़ित लड़की से उसकी मुलाकात एक सूफी संत के उर्स के दौरान हुई थी।

टेलीग्राम पर वायरल किए गए वीडियो

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने लड़कियों के अश्लील वीडियो और तस्वीरें टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर शेयर किए। वीडियो वायरल होने के बाद मामले का पर्दाफाश हुआ।

आरोपियों की पहचान अयान अहमद तनवीर अहमद (19), मोहम्मद साद, तबरेज खान तस्लीम खान (24), ऐफाज खान मनीर खान (26), मोहम्मद इमरान मोहम्मद साजिद (21), शेख नवीद शेख हसन (21), मानव दीपक सुगुणा (20) के रूप में की है।

पीड़ित लड़कियों ने नहीं की शिकायत, पुलिस ने खुद लिया संज्ञान

इस मामले की सबसे गंभीर बात यह रही कि पीड़ित और उनके परिवार सामाजिक बदनामी के डर से सामने नहीं आए। ऐसे में पुलिस ने खुद संज्ञान लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पूछताछ के दौरान आरोपी आयान ने 8 लड़कियों के नाम और मोबाइल नंबर बताए, जिसके आधार पर उनकी पहचान संभव हो सकी। जब पुलिस ने पीड़ित परिवारों से संपर्क किया तो उन्होंने इस मामले से संबंध होने से साफ इनकार कर दिया।

12 तक हो सकती है पीड़ितों की संख्या

पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर पीड़ितों की संख्या 12 तक हो सकती है। पहले दावा किया जा रहा था कि अयान और उसकी गैंग ने करीब 180 लड़कियों का यौन उत्पीड़न कर 350 अश्लील वीडियो वायरल किए है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अचलपुर के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (SDPO) के नेतृत्व में 47 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है।

पीड़ितों का भरोसा जीतने में जुटी पुलिस

अधिकारियों के मुताबिक, अब सबसे बड़ी चुनौती पीड़ितों का भरोसा जीतना है ताकि वे सामने आकर मामले का खुलासा करें और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जा सके। महाराष्ट्र अल्पसंख्यक आयोग और बाल संरक्षण अधिकारी को भी मामले की विस्तृत रिपोर्ट सौंपी गई है।

Published on:
17 Apr 2026 10:00 am