मुंबई

Monsoon Update: 10 राज्यों में गर्मी का तांडव जारी रहेगा, अरब सागर में बना नया सिस्टम, मानसून की रफ्तार पर असर

Monsoon Update: देश के बड़े हिस्से में इस समय भीषण और रिकॉर्ड तोड़ देने वाली गर्मी (हीटवेव) पड़ रही है। उत्तर से लेकर मध्य भारत के राज्य सूरज की तपिश का सामना कर रहे हैं। आने वाले एक हफ्ते मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और बेहद गर्म हवाएं चलेंगी।

2 min read
May 21, 2026
Monsoon Update 2026 (AI Image)

देशभर में इस समय रिकॉर्डतोड़ गर्मी पड़ रही है और आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं। निजी मौसम एजेंसी स्कायमेट (Skymet) ने चेतावनी दी है कि अरब सागर के ऊपर एक नई मौसम प्रणाली बनने लगी है, जिससे दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार कमजोर पड़ सकती है। इसका असर सबसे पहले केरल और दक्षिण भारत के राज्यों में दिखाई देने की आशंका है, जहां बारिश की गतिविधियां कम हो सकती हैं।

मौसम एजेंसी के मुताबिक, अगले एक सप्ताह तक मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, छत्तीसगढ़, ओडिशा, गुजरात और महाराष्ट्र समेत 10 राज्यों में गर्म और शुष्क हवाएं चलेंगी। कई इलाकों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंच सकता है। पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने और किसी सक्रिय मौसम प्रणाली के नहीं होने की वजह से फिलहाल मैदानी इलाकों को इस भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

ये भी पढ़ें

भीमाशंकर, घृष्णेश्वर और परली वैजनाथ ज्योतिर्लिंग मंदिर का होगा कायाकल्प, 684 करोड़ रुपये होंगे खर्च

21 और 22 मई को हीटवेव का डबल अलर्ट

21 मई को राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि कई शहरों में रात के समय भी गर्म हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को राहत नहीं मिलेगी।

22 मई को भी हालात ज्यादा बदलने वाले नहीं हैं। महाराष्ट्र, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के लिए फिर से लू का अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा में उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ाएगी।

हालांकि पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

दक्षिण अरब सागर में पहुंचा मानसून

इस बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। मानसून मंगलवार को कोमोरिन क्षेत्र, श्रीलंका और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों तक पहुंच गया। साथ ही उसने दक्षिण अरब सागर में भी प्रवेश कर लिया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में मानसून लक्षद्वीप के मिनीकॉय द्वीप तक पहुंच सकता है।

महाराष्ट्र में भीषण गर्मी का प्रकोप

इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुंबई केंद्र की ओर से जारी पांच दिन के पूर्वानुमान में विदर्भ के कई जिलों में गंभीर हीटवेव की चेतावनी दी गई है। अकोला, अमरावती और वर्धा में 20 और 21 मई को गंभीर हीटवेव की स्थिति रहने का अनुमान है। नागपुर, चंद्रपुर और यवतमाल में भी लगातार लू चलने की संभावना जताई गई है।

दूसरी तरफ कोंकण और पश्चिम महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में राहत की खबर है। रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर घाट और पुणे घाट क्षेत्रों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया गया है। कई जगहों पर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

महाराष्ट्र में मौसम दिखाएगा अलग रूप

महाराष्ट्र में अगले पांच दिनों तक मौसम दो अलग-अलग रूप दिखाएगा। विदर्भ के अकोला, अमरावती, वर्धा, नागपुर, चंद्रपुर और यवतमाल जिलों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर बना रहेगा। कई जगहों पर दिन का तापमान 45 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।

वहीं कोंकण और पश्चिम महाराष्ट्र के कुछ जिलों में राहत मिल सकती है। रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर, पुणे घाट और सतारा घाट क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मुंबई, पालघर और अधिकांश मराठवाड़ा जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।

ये भी पढ़ें

दिल्ली-फरीदाबाद हाईवे पर भर्राटा भरेंगे वाहन, 20 मिनट में 30 km का सफर पूरा, क्या है 4463 करोड़ का मेगा प्लान
Updated on:
21 May 2026 08:35 am
Published on:
21 May 2026 08:33 am
Also Read
View All