मुंबई

गणेशोत्सव 2026: मुंबई में रात में पंडाल घूमने वालों के लिए बड़ी राहत, BEST चलाएगी अतिरिक्त बसें, देखें रूट

Ganeshotsav 2026 BEST Additional Buses: मुंबई में गणेशोत्सव 2026 के दौरान बेस्ट 24 सितंबर तक रात में अतिरिक्त बसें चलाएगा। यह बसें 9 रूटों पर चलाई जाएंगी।
2 min read
Sep 14, 2026
Mumbai Ganeshotsav 2026
गणेशोत्सव में रातभर चलेंगी BEST बसें (Photo: IANS/File)

Mumbai Ganeshotsav 2026: गणेशोत्सव के दौरान मुंबई में गणपति पंडालों के दर्शन के लिए निकलने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) ने गणेशोत्सव 2026 के दौरान रात के समय अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला किया है। इन अतिरिक्त बस सेवाओं का संचालन 14 सितंबर से 24 सितंबर तक किया जाएगा।

BEST का यह फैसला शहर के प्रमुख गणेश पंडालों में रात के समय बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए लिया गया है। गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में लोग दिन के मुकाबले शाम और रात में पंडालों में दर्शन के लिए निकलते हैं। ऐसे में अतिरिक्त बसों से श्रद्धालुओं को सार्वजनिक परिवहन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।

इन इलाकों से होकर गुजरेंगी अतिरिक्त बसें

BEST के मुताबिक, अतिरिक्त बस सेवाएं कोलाबा से मुंबई के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों को जोड़ने वाले मार्गों पर संचालित की जाएंगी। इन बसों का रूट शहर के कई प्रमुख गणेशोत्सव केंद्रों से होकर गुजरेगा। यह व्यवस्था 25 सितंबर को होने वाले अनंत चतुर्दशी के विसर्जन से पहले तक जारी रहेगी।

इनमें गिरगांव, लालबाग, परेल और दादर जैसे इलाके शामिल हैं, जहां गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। अतिरिक्त बस सेवाएं- E-8, E-21, E-25, E-42, E-44, 51, 64, 66 और 69 रूट पर उपलब्ध रहेंगी। इन मार्गों से यात्रा करने वाले यात्रियों को गणेशोत्सव के दौरान रात में अतिरिक्त सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिल सकेगी।

दिन में सामान्य बस सेवाएं पर्याप्त, रात में बढ़ती है भीड़

बेस्ट के अनुसार, दिन के समय नियमित बस सेवाएं आम तौर पर यात्रियों की मांग पूरी करने के लिए पर्याप्त रहती हैं। हालांकि, शाम और रात के समय सार्वजनिक गणेश पंडालों में श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ जाती है।

विशेष रूप से गौरी-गणपति प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद गणेश पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की उम्मीद रहती है। इसी वजह से रात के समय सार्वजनिक परिवहन की मांग में भी बड़ा इजाफा होता है। बेस्ट ने इसी बढ़ी हुई मांग को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त बसें चलाने की योजना बनाई है।

गणेशोत्सव के रंग में रंगी मुंबई

मुंबई में सोमवार से 10 दिवसीय गणेशोत्सव की शुरुआत हो गई है। घरों, हाउसिंग सोसायटियों और सार्वजनिक पंडालों में भगवान गणेश की प्रतिमाएं विराजमान हो चुकी हैं। लालबाग, दादर, परेल, गिरगांव समेत प्रमुख गणेश पंडालों में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे है। ऐसे में बेस्ट की अतिरिक्त रात की बस सेवाएं उन लोगों के लिए खास तौर पर बड़ी राहत साबित होगी, जो देर रात पंडालों में बप्पा के दर्शन करने जाना चाहते हैं।

Updated on:
14 Sept 2026 05:39 pm
Published on:
14 Sept 2026 05:35 pm