मुंबई

मुंबई में फिर बेकाबू हुई बेस्ट की इलेक्ट्रिक बस, 5 वाहनों को मारी टक्कर, एक की मौत व कई गंभीर

BEST Bus Accident in Dadar: मुंबई में बेस्ट की किराये पर संचालित इलेक्ट्रिक बस ने आज कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक शख्स की मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य घायल बताये जा रहे है। मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। इस हादसे के बाद बेस्ट की भाड़े पर संचालित बसों में सफर करने वाले यात्रियों के बीच चिंता बढ़ गई है।

2 min read
Jun 08, 2026
Dadar BEST Bus Accident update
दादर के प्लाजा सिनेमा के पास अनियंत्रित हुई बेस्ट बस (Photo: X/@rajtoday)

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में सोमवार सुबह बेस्ट (BEST) की किराये पर संचालित इलेक्ट्रिक बस से बड़ा हादसा हो गया। दादर स्थित प्लाजा सिनेमा के पास अनियंत्रित इलेक्ट्रिक बस ने पैदल यात्रियों सहित कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिसमें एक लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीन से चार लोग घायल हुए हैं, जबकि चार से ज्यादा वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।

मुंबई पुलिस ने बताया कि आज सुबह करीब साढ़े 9 बजे कोतवाल गार्डन के पास बेस्ट की एक इलेक्ट्रिक बस मार्ग संख्या 463/31 के चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते बस ने पीछे से पांच वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर की चपेट में एक एक्टिवा स्कूटर, एक इलेक्ट्रिक बाइक, एक टैक्सी, एक बलेनो कार और एक इलेक्ट्रिक कार आ गई।

इस हादसे में एक्टिवा चालक, इलेक्ट्रिक बाइक सवार और बस का कंडक्टर घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सायन अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

नियंत्रण खोने के बाद JCB से टकराई बस

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस ने सड़क पर मौजूद पैदल यात्रियों, दोपहिया और कुछ चार पहिया वाहनों को टक्कर मार दी।

बेकाबू बस आखिरकार सड़क किनारे खड़ी एक जेसीबी मशीन से जा टकराई, जिससे उसकी रफ्तार थमी। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।

BEST की किराये की बसों पर उठे सवाल

इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद बेस्ट की किराये पर ली गई बसों की सुरक्षा व्यवस्था और कॉन्ट्रैक्ट ड्राइवरों के प्रशिक्षण को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पिछले साल भांडुप इलाके में भी ऐसे ही एक हादसे में चार लोगों की मौत हुई थी।

पिछले कुछ वर्षों में लगातार सामने आ रहे हादसों ने इन बसों की सुरक्षा और संचालन व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। विशेष रूप से इलेक्ट्रिक बसों का संचालन निजी ठेकेदारों के माध्यम से होने के कारण ड्राइवरों के प्रशिक्षण और निगरानी को लेकर बहस तेज हो गई है।

तीन साल में 958 हादसे, 77 लोगों की गई जान

प्राप्त आंकड़े भी स्थिति की गंभीरता को दर्शाते हैं। जनवरी 2023 से दिसंबर 2025 के बीच बेस्ट बसों से जुड़े कुल 958 सड़क हादसे दर्ज किए गए। इन दुर्घटनाओं में 77 लोगों की मौत हुई, जबकि 217 लोग घायल हुए। सबसे चिंताजनक तथ्य यह है कि इनमें से 85 प्रतिशत से अधिक यानी लगभग 815 हादसे किराये पर ली गई बसों से जुड़े हुए थे।

Published on:
08 Jun 2026 12:35 pm