
दिल्ली एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के तीन A320 विमान डैमेज (Photo: X/@RShivshankar)
राजधानी दिल्ली में रविवार को आए तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) पर बड़ा नुकसान पहुंचाया। खराब मौसम के चलते एयर इंडिया के तीन विमानों को नुकसान पहुंचा है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय विमान पार्किंग बे में खड़े थे और किसी यात्री या कर्मचारी को चोट नहीं आई।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली सहित पूरे एनसीआर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। इस बीच, रविवार शाम करीब 4 बजकर 40 मिनट पर आईजीआई के टर्मिनल-2 के पास स्थित पार्किंग बे में बड़ी घटना हुई, जब तेज हवाओं और बारिश के कारण ग्राउंड सपोर्ट उपकरण अपनी जगह से खिसक गए और खड़े विमानों से टकरा गए।
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) के अनुसार, अचानक बदले मौसम के कारण एयर इंडिया और इंडिगो की ग्राउंड हैंडलिंग एवं इंजीनियरिंग टीमों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले स्टेप लैडर और अन्य सहायक उपकरण अपनी जगह से हट गए। तेज हवाओं के कारण ये उपकरण सीधे पार्क किए गए विमानों से जा टकराए। जिससे विमानों और उपकरणों दोनों को नुकसान पहुंचा।
घटना के तुरंत बाद प्रभावित तीनों एयर इंडिया ए-320 विमानों को संचालन से हटाकर विस्तृत तकनीकी जांच और मरम्मत के लिए भेज दिया गया।
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, दो विमान कुछ दिनों में फिर से सेवा में लौट सकते हैं। हालांकि एक विमान को अधिक नुकसान पहुंचा है और उसको फिर से सेवाओं में लाने के लिए कई दिन का समय लग सकता है।
जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया के अलावा अन्य एयरलाइंस के कुछ विमान और उपकरण भी प्रतिकूल मौसम से प्रभावित हुए हैं। हालांकि उनके नुकसान की विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
DIAL ने बताया कि तूफान आने से पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की ओर से मौसम में अचानक बदलाव को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई थी। आमतौर पर ऐसी चेतावनी मिलने पर एयरलाइंस और एयरपोर्ट के कर्मचारी रनवे और पार्किंग क्षेत्र में विमानों और उपकरणों की सुरक्षा के लिए एहतियाती उपाय करते हैं, जिससे नुकसान की संभावना कम हो जाती है। लेकिन इस बार मौसम ने अचानक करवट ली, जिसके कारण उन्हें पर्याप्त समय नहीं मिल सका।
इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के मौसम को लेकर नया पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में लोगों को भीषण गर्मी, तेज धूप और लू जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
हालांकि 11 जून से मौसम फिर करवट ले सकता है। आईएमडी के मुताबिक, क्षेत्र में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
Published on:
08 Jun 2026 11:47 am
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
