
Bhiwandi Fire News: महाराष्ट्र के भिवंडी में दिवाली के दौरान आग लगने की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले दो दिनों के भीतर छोटी-बड़ी कुल 23 जगहों पर आग लगने की घटनाएं दर्ज की गई हैं। कई जगहों पर आग ने भारी तबाही मचाई है। कहीं गोदाम, कहीं दुकानें तो कहीं कारखाने आग की चपेट में आए हैं। लगातार हो रही घटनाओं के बीच मुंबई और ठाणे जिलों में रॉकेट और हवा में उड़ने वाले पटाखों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
ताजा घटना भिवंडी के खोखा कंपाउंड की है। यहां एक स्क्रैप गोदाम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पास में स्थित पावरलूम फैक्ट्री को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि पूरी फैक्ट्री जलकर खाक हो गई। फैक्ट्री में रखा कपड़ा और धागे का बड़ा स्टॉक भी आग की भेंट चढ़ गया। आग बुझाने के लिए दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
भिवंडी में आग की एक अन्य बड़ी घटना राहनाल गांव की सीमा में सामने आई। यहां एक अगरबत्ती बनाने वाले कारखाने में अचानक भीषण आग लग गई। कारखाने में अगरबत्ती निर्माण के लिए इस्तेमाल होने वाली सामग्री का भारी स्टॉक रखा हुआ था, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई।
सूचना मिलते ही भिवंडी अग्निशमन दल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में कारखाना पूरी तरह जलकर खाक हो गया और बड़े पैमाने पर आर्थिक नुकसान हुआ। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
भिवंडी शहर और आसपास के इलाकों में आग की घटनाएं अलग-अलग स्थानों पर हुई हैं। इनमें देवजी नगर की लकड़ी की वखार, भादवड़ का स्क्रैप गोदाम, अंजूरफाटा रेलवे लाइन के पास झोपड़पट्टी, वडपा में कंटेनर और गोदाम, कामतघर की ओसवाल वाड़ी में बैटरी फैक्ट्री और मंडप डेकोरेशन का सामान शामिल है।
इसके अलावा नजराना कंपाउंड की कपड़े की दुकान, काप आली की छह दुकानें, भिवंडी टॉकीज परिसर, चाविंद्रा डंपिंग ग्राउंड, नारपोली का कचरा क्षेत्र और खड़क रोड भी आग की घटनाओं से प्रभावित हुए।
भिवंडी में बड़ी संख्या में गोदाम, पावरलूम और छोटे-बड़े कारखाने संचालित होते हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कुछ जगहों पर पटाखों, कुछ स्थानों पर जलते हुए दीयों और कई जगहों पर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई गई है।
दिवाली के दौरान पटाखों से आग लगने की बढ़ती घटनाओं ने मुंबई, ठाणे और वसई-विरार में भी प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए मुंबई और ठाणे जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। दोनों जिलों में रॉकेट और हवा में उड़ने वाले इसी तरह के पटाखों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
प्रशासन का यह कदम आग की घटनाओं और उनसे होने वाले नुकसान को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है।
मुंबई में भी इस साल दिवाली पर आग लगने की घटनाओं में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिवाली के दिन रविवार को महज 24 घंटे के भीतर मुंबई और उपनगरों में पटाखों के कारण आग लगने की 137 घटनाएं सामने आईं। इन हादसों में कई लोग झुलस गए।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के आंकड़ों के मुताबिक, पटाखों से आग लगने की यह संख्या पिछले दो वर्षों के मुकाबले काफी अधिक है। आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2024 में दिवाली के छह दिनों के दौरान मुंबई में आग लगने की कुल 262 घटनाएं दर्ज की गई थीं। इनमें से 80 घटनाएं पटाखों के कारण हुई थीं और तीन लोग झुलसे थे।
वहीं, वर्ष 2025 में दिवाली के दौरान आग लगने की कुल 289 घटनाएं सामने आई थीं। इनमें से 113 घटनाएं पटाखों से जुड़ी थीं। हालांकि, उस साल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली थी। इस साल केवल दिवाली के दिन ही पटाखों से आग लगने की 137 घटनाएं दर्ज होना चिंता बढ़ाने वाला है।