मुंबई

फडणवीस सरकार का बड़ा एक्शन, किसानों का मुआवजा हजम करने वाले 21 अधिकारी सस्पेंड

Maharashtra Farmers compensation Scam : करीब 35 करोड़ रुपये के किसान मुआवजा घोटाले में अब तक 21 अधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है, जबकि 35 और अधिकारियों के खिलाफ जांच चल रही है।

2 min read
Jun 20, 2025
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

महाराष्ट्र में प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को दिए जाने वाले मुआवजे में करोड़ों रुपये का घोटाला करने के आरोप में अकेले जालना जिले में 17 तलाठी और 4 वरिष्ठ लिपिक (क्लर्क) को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारीयों ने बताया कि किसानों के नाम पर जारी मुआवजा राशि में हुए लगभग 35 करोड़ रुपये के घोटाले में जालना जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 और अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। इससे पहले 13 जून को 10 तलाठियों को निलंबित किया गया था, जिससे अब तक इस मामले में कुल 21 सरकारी कर्मचारी निलंबित किए जा चुके हैं।

जिलाधिकारी श्रीकृष्ण पांचाल ने गुरुवार शाम इन 11 अधिकारियों के निलंबन का आदेश जारी किया, जिनमें सात तलाठी यानी ग्रामीण राजस्व अधिकारी और जालना तहसील कार्यालय में कार्यरत चार वरिष्ठ क्लर्क शामिल हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार, यह घोटाला प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को वर्ष 2022 से 2024 के बीच दी जाने वाली मुआवजा राशि में सामने आया है। प्रारंभिक ऑडिट में खुलासा हुआ कि जालना जिले की अम्बड और घनसावंगी तहसीलों में कार्यरत 26 अधिकारियों ने 34.97 करोड़ रुपये की अनियमितताएं की हैं।

बताया जा रहा है कि यह हेराफेरी एक संगठित नेटवर्क के जरिए की गई, जिसमें तलाठी, ग्रामसेवक और कृषि सहायक जैसे अधिकारी शामिल थे। कुछ मामलों में एक-एक अधिकारी पर एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि गबन करने के भी आरोप हैं।

35 और अधिकारियों के खिलाफ जांच शुरू

अब इस घोटाले में 35 और तलाठी की भूमिका की जांच शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आगे और भी निलंबन व कड़ी कार्रवाई हो सकती है।

इस घोटाले ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं, खासकर तब जब यह घोटाला उन किसानों के हक पर डाका डालने जैसा है, जो प्राकृतिक आपदाओं से पहले ही त्रस्त हैं। प्रशासन ने मामले की गहनता से जांच करने और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

Updated on:
20 Jun 2025 10:00 pm
Published on:
20 Jun 2025 09:59 pm
Also Read
View All

अगली खबर