मुंबई

बिहार ने राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ के झूठे आरोपों का करारा जवाब दिया, फडणवीस ने कांग्रेस पर कसा तंज

Bihar Election Results 2025: बिहार चुनाव में एनडीए को प्रचंड जीत मिली। इस पर सीएम फडणवीस ने कहा, जनता ने कांग्रेस को सबक सिखाया है। बिहार में कांग्रेस का सफाया हो गया है। उसे AIMIM से भी कम सीटें मिली हैं।

2 min read
Nov 14, 2025
देवेंद्र फडणवीस और राहुल गांधी (Photo: IANS)

बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों ने जहां एनडीए को ऐतिहासिक जीत दिलाई, वहीं कांग्रेस के लिए यह बड़ा झटका साबित हुआ है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि बिहार के मतदाताओं ने कांग्रेस के फर्जी वोट चोरी के नैरेटिव को पूरी तरह खारिज कर दिया है। कांग्रेस और राहुल गांधी को इन नतीजों से सबक लेना चाहिए।

दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए सीएम फडणवीस ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा था कि एनडीए 160 सीटों का आंकड़ा पार कर लेगा, लेकिन नतीजे उम्मीद से कहीं बेहतर आए हैं। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए नेतृत्व पर जनता के विश्वास का प्रमाण बताया।

ये भी पढ़ें

बिहार में भी फडणवीस का जलवा…जिन जिलों में किया प्रचार, वहां विपक्ष का हो गया सूपड़ा साफ

फडणवीस ने कहा, “थोड़ी बहुत एंटी-इंकम्बेंसी जरूर महसूस हुई थी, लेकिन इस बार जहां भी गए, वहां जनता स्पष्ट रूप से एनडीए के पक्ष में दिखाई दी। लोगों का मूड बदल चुका था और यही कारण रहा कि हमें इतनी बड़ी जीत मिली।”

फडणवीस ने कहा, राहुल गांधी के वोट चोरी के झूठे आरोपों का बिहार की जनता ने करारा जवाब दिया है। कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियों द्वारा चलाए गए वोट चोरी अभियान पर बोलते हुए उन्होंने कहा, लगातार संवैधानिक संस्थाओं और पदों पर हमला करना जनता को पसंद नहीं आता है। लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने संविधान खतरे में होने का झूठा नैरेटिव चलाया था। तब उन्हें कुछ राजनीतिक फायदा मिला, लेकिन बाद में लोग सच्चाई समझ गए और उनका खेल खत्म हो गया।

सीएम फडणवीस ने बिहार में कांग्रेस के प्रदर्शन पर तंज कसते हुए कहा कि यह अब तक का सबसे खराब प्रदर्शन है। उनकी सीटें AIMIM और सभी वामपंथी दलों से भी कम हैं। इससे साफ है कि पार्टी किस हद तक कमजोर हो चुकी है। बिहार में कांग्रेस की मिट्टी पलीद हो गई है। समस्या यह है कि राहुल गांधी बार-बार वही गलती दोहरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस अपनी गलतियों से नहीं सीखेगी तो वह मिट्टी में मिल जाएगी।

ये भी पढ़ें

बिहार में महागठबंधन हुआ ढेर तो 1700 km दूर विपक्ष की धड़कनें बढ़ीं, उद्धव सेना बोली- ये महाराष्ट्र पैटर्न है!

Updated on:
14 Nov 2025 09:49 pm
Published on:
14 Nov 2025 09:46 pm
Also Read
View All

अगली खबर