मुंबई

बीजेपी में अंदरूनी कलह? संजय राउत बोले- ‘गडकरी को जानबूझकर बदनाम किया जा रहा, क्योंकि वह पीएम पद के मजबूत दावेदार’

Sanjay Raut on Gadkari: शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने दावा किया कि बीजेपी के भीतर नितिन गडकरी को बदनाम करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गडकरी की प्रधानमंत्री पद के मजबूत दावेदार की छवि के कारण पार्टी के कुछ नेता उन्हें निशाना बना रहे हैं।
2 min read
Jul 10, 2026
Sanjay Raut on Gadkari
संजय राउत का दावा- बीजेपी के भीतर नितिन गडकरी को बदनाम किया जा रहा है ( फोटो सोर्स- ANI )

Nitin Gadkari PM Candidate: शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के भीतर जारी अंदरूनी खींचतान को लेकर एक बड़ा और सनसनीखेज दावा किया है। राउत ने आरोप लगाया है कि खुद बीजेपी के ही कुछ बड़े नेता केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि गडकरी प्रधानमंत्री पद के एक बेहद मजबूत दावेदार हैं।

संजय राउत ने शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि इस पूरे मामले पर गडकरी साहब को खुद अपनी बात रखनी चाहिए। लोगों के मन में जो भ्रम पैदा किया गया है, वह उनकी अपनी ही पार्टी के लोगों की वजह से है।

'2014 से पहले की तरह फिर रची जा रही साजिश'

शिवसेना (UBT) नेता ने बीजेपी पर सीधा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि नितिन गडकरी को बदनाम करने की कोशिश करने वाले कोई और नहीं, बल्कि खुद भारतीय जनता पार्टी के ही लोग हैं। वे उन्हें किसी न किसी तरह से जाल में फंसाना चाहते हैं।' उन्होंने अतीत का हवाला देते हुए कहा कि साल 2014 से पहले भी जब गडकरी को पार्टी अध्यक्ष के रूप में दूसरा कार्यकाल मिलने की चर्चाएं चल रही थीं, तब भी उन्हें फंसाने की ऐसी ही कोशिशें की गई थीं। राउत ने कहा कि वह पीएम पद के प्रबल दावेदार हैं, इसीलिए उन्हें इतना बदनाम करो ताकि जनता के बीच उनकी छवि खराब हो जाए। यह सब उनकी अपनी ही पार्टी के लोग कर रहे हैं और यह बात गडकरी भी अच्छी तरह जानते हैं।'

अरविंद केजरीवाल ने की पेट्रोल-डीजल के दाम घटाने की मांग

इस बीच, आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने नई दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते हुए देश में ईंधन की कीमतों को कम करने की पुरजोर मांग उठाई। केजरीवाल ने कहा कि देश की जनता को 'शुद्ध पेट्रोल' 82 रुपए प्रति लीटर और 'E20 फ्यूल' करीब 70 रुपए प्रति लीटर की दर पर मिलना चाहिए, जबकि अभी E20 पेट्रोल के लिए 102 रुपए वसूले जा रहे हैं। दरअसल, केजरीवाल ने तर्क देते हुए कहा है कि 'अगर पेट्रोल और डीजल के दाम कम होते हैं, तो इससे महंगाई को बड़ा झटका लगेगा और आम जनता को बहुत बड़ी राहत मिलेगी। मैं देश की जनता की ओर से मांग करता हूं कि सरकार तुरंत 82 रुपए लीटर शुद्ध पेट्रोल की सप्लाई शुरू करे।'

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दिया जवाब

केजरीवाल की इस मांग के बीच केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी का बयान भी सामने आया है। पुरी ने कहा कि अगर वैश्विक बाजार में कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतें अगले कुछ हफ्तों तक मौजूदा स्तर पर बनी रहती हैं, तो खुदरा पेट्रोल-डीजल के दामों में कटौती एक 'जायज सवाल' होगा, लेकिन फिलहाल इस पर कोई भी जल्दबाजी में अनुमान लगाना ठीक नहीं है। केंद्रीय मंत्री ने सरकार के 'इथेनॉल ब्लेंडिंग प्रोग्राम' (Ethanol Blending Programme) का बचाव करते हुए E20 ईंधन को लेकर फैलाई जा रही चिंताओं को खारिज किया। उन्होंने कहा कि सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) और ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI) जैसी तकनीकी संस्थाओं की प्रयोगशालाओं और फील्ड टेस्टिंग के बाद ही इस ईंधन को मंजूरी दी गई है। इससे वाहनों के इंजन टिकाऊपन या वारंटी पर कोई असर नहीं पड़ता है।

Updated on:
10 Jul 2026 11:58 am
Published on:
10 Jul 2026 11:57 am