मुंबई

अमित शाह का जेन जी आंदोलन पर बयान, ‘लोकतंत्र में बात रखने का अधिकार, इमरजेंसी लगाकर शासन करना भाजपा की संस्कृति नहीं’

Seva Sankalp Abhiyan: भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुंबई में इसकी जानकारी देते हुए कहा कि अभियान के तहत हर जिले से लेकर बूथ स्तर तक लोगों से संपर्क किया जाएगा।
2 min read
Sep 13, 2026
Amit Shah
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह। फोटो- आईएएनएस

Amit Shah: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के रूप में उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने जेन जी आंदोलन से जुड़े सवाल का भी जवाब दिया। जेन जी आंदोलन को लेकर अमित शाह ने कहा कि हम लोकतंत्र में हैं। कई विषयों पर लोगों की अपनी राय होती है और उसे व्यक्त करना भी जरूरी है। भाजपा की सरकार इमरजेंसी लगाकर शासन नहीं कर सकती। यह कांग्रेस की संस्कृति है, हमारी नहीं। हम बातचीत में विश्वास रखते हैं।

17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन

सेवा संकल्प अभियान के बारे में अमित शाह ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। पहले गुजरात में और बाद में देशभर में भाजपा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा सप्ताह के रूप में उनका जन्मदिन मनाती रही है। कई स्थानों पर यह आयोजन एक सप्ताह तक भी होता था। इस वर्ष अभियान को विशेष उद्देश्य के साथ व्यापक रूप दिया गया है।

उन्होंने कहा कि लंबी संगठनात्मक प्रक्रिया के बाद 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उनका कार्यकाल अभी जारी है। देश में बहुत कम ऐसे नेता हुए हैं, जिन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में लगातार जनसेवा का लंबा रिकॉर्ड बनाया हो।

हर जिले और बूथ तक पहुंचेगा अभियान

गृह मंत्री ने कहा कि एनडीए और भाजपा के सभी सहयोगियों ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने के लिए ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने का फैसला किया है। यह अभियान पूरे देश में चलाया जाएगा। इसमें सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से हर जिले, लोकसभा क्षेत्र, विधानसभा क्षेत्र और बूथ स्तर तक लोगों से संपर्क किया जाएगा। इसका उद्देश्य सेवा कार्यों और जनभागीदारी के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना है।

ये कार्यक्रम होंगे आयोजित

अमित शाह के अनुसार, ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें सेवा दिवस, मेरे सपनों का भारत चित्र, नमो सेवा की अनकही कहानियां, संगीतमय नाट्य प्रस्तुति, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा, वडनगर से वाराणसी तक सेवा यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग राष्ट्र के संग, सेवा फॉर इनोवेशन चैलेंज और सुशासन सेवा संवाद जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।

Updated on:
13 Sept 2026 07:00 pm
Published on:
13 Sept 2026 06:56 pm