होली से पहले कोंकण के प्रसिद्ध आंगनेवाड़ी मेले के दौरान उमड़ने वाली यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए मध्य रेलवे ने 4 विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है।
कोंकण के प्रसिद्ध आंगनेवाड़ी मेले के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे (Central Railway) ने मुंबई और मडगांव के बीच चार विशेष ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। ये ट्रेनें मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) और मडगांव के (Madgaon) के बीच चलाई जाएंगी, जिससे कोकण और गोवा जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
ट्रेन संख्या 01003 और 01004 का शेड्यूल
मुंबई एलटीटी-मडगांव विशेष ट्रेन संख्या 01003 8 फरवरी और 10 फरवरी को सुबह 7.55 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस से रवाना होगी और उसी दिन रात 10 बजे मडगांव पहुंचेगी।
वहीं मडगांव-लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) विशेष ट्रेन संख्या 01004 7 फरवरी और 9 फरवरी को शाम 4.30 बजे मडगांव से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 5.50 बजे मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।
इन विशेष ट्रेनों में 20 स्लीपर कोच और 2 लगेज-कम-गार्ड ब्रेक वैन होंगे। ट्रेन का ठहराव ठाणे, पनवेल, पेन, रोहा, माणगांव, खेड़, चिपलून, संगमेश्वर रोड, रत्नागिरी, अडावली, विलावडे, राजापुर रोड, वैभववाड़ी रोड, कणकवली, सिंधुदुर्ग, कुडाल, सावंतवाड़ी रोड, थिविम और करमाली स्टेशनों पर होगा।
टिकट बुकिंग और अन्य जानकारी
इन स्पेशल ट्रेनों के लिए टिकटों की बुकिंग आज से विशेष शुल्क पर शुरू हो गई है। यात्री सभी कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों के साथ-साथ IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट www.irctc.co.in पर टिकट बुक कर सकेंगे।
इन विशेष ट्रेनों की विस्तृत समय-सारिणी और ठहराव से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए यात्री भारतीय रेल की पूछताछ वेबसाइट या NTES मोबाइल ऐप का उपयोग कर सकते हैं।