
Raj Thackeray Chhath Puja Controversy: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) की छठ पूजा को लेकर जारी विरोध के बीच मुंबई से एक दिलचस्प मामला सामने आया है। मुंबई के मालाड पूर्व स्थित आप्पा पाडा इलाके में मनसे की ही एक नगरसेविका (पार्षद) की ओर से छठ पूजा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। मनसे जहां मुंबई के बाणगंगा तालाब और गिरगांव चौपाटी जैसे प्रमुख स्थानों पर छठ पूजा और पूजा सामग्री के विसर्जन का विरोध कर रही है, वहीं पार्टी की नगरसेविका द्वारा छठ पूजा आयोजित किए जाने से राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मालाड के आप्पा पाडा इलाके में मनसे नगरसेविका सुरेखा परब और उनके भाई तथा मनसे विभाग अध्यक्ष भास्कर परब की ओर से छठ पूजा का आयोजन किया गया है। इसके लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। कृत्रिम तालाब की व्यवस्था की गई है। खुद मनसे नेता व्यक्तिगत रूप से इन तैयारियों की देखरेख कर रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, मालाड पूर्व के आप्पा पाडा इलाके में सुरेखा परब और भास्कर परब की ओर से छठ पूजा के आयोजन की तैयारी की गई है। कार्यक्रम को लेकर इलाके में प्रचार भी किया जा रहा है और बड़े-बड़े बैनर लगाए गए हैं। यह पहल स्थानीय प्रशासन के सहयोग और मनसे कार्यकर्ताओं की मदद से की जा रही है।
इस आयोजन ने इसलिए सबका ध्यान खींचा है, क्योंकि मनसे प्रमुख राज ठाकरे समेत पार्टी के कई नेताओं ने मुंबई में छठ पूजा के आयोजन को लेकर कड़ा विरोध जताया है। ऐसे में पार्टी के ही नेताओं द्वारा छठ पूजा का आयोजन किए जाने से मनसे के रुख को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
दरअसल, मुंबई के ऐतिहासिक बाणगंगा तालाब और गिरगांव चौपाटी पर छठ पूजा तथा पूजा सामग्री के विसर्जन को लेकर मनसे ने विरोध किया है। बाणगंगा तालाब परिसर में पूजा के आयोजन को लेकर मनसे कार्यकर्ताओं ने आक्रामक रुख अपनाया था। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी थी कि किसी भी परिस्थिति में वहां पूजा नहीं होने दी जाएगी।
मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने भी छठ पूजा के मुद्दे पर बीजेपी को निशाने पर लिया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि छठ पूजा के नाम पर महाराष्ट्र में शक्ति प्रदर्शन और सांस्कृतिक अतिक्रमण करने की कोशिश की जा रही है।
राज ठाकरे का आरोप है कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बीजेपी मुंबई में मराठी और उत्तर भारतीय समुदायों के बीच जानबूझकर विवाद पैदा करने की कोशिश कर रही है।
छठ पूजा विवाद के बीच मालाबार हिल पुलिस ने मनसे नेता दिनेश पुंडे को भी नोटिस जारी किया है। यह नोटिस भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 168 के तहत जारी किया गया है।
पुलिस ने बाणगंगा तालाब परिसर में धार्मिक आयोजन और उससे संबंधित प्रदूषण को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी है। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि यदि किसी भी तरह से शांति भंग करने या सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की गई, तो कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
एक तरफ मनसे के नेता छठ पूजा को लेकर बीजेपी पर राजनीति करने और महाराष्ट्र की सांस्कृतिक पहचान से खिलवाड़ करने का आरोप लगा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पार्टी की नगरसेविका द्वारा मालाड में छठ पूजा का आयोजन किया जाना चर्चा का विषय बन गया है।