मुंबई

पुणे में दो अलग-अलग हादसों से हड़कंप: देहू रोड आयुध कारखाने में भीषण आग, धूं-धूं कर जली सरकारी बस

Pune Dehu Road Ordnance Factory Fire: पुणे के पास स्थित देहू रोड आयुध कारखाने में गोला-बारूद परीक्षण के दौरान घास में आग लग गई, जबकि पुणे रेलवे स्टेशन के नजदीक एक चलती PMPML बस में भी आग लगने की घटना सामने आई।

2 min read
Jun 15, 2026
Pune Ordnance Factory Fire
पुणे में आग लगने की दो बड़ी घटनाएं (Photo: IANS/File)

PMPML Bus Fire Pune Station: महाराष्ट्र के पुणे शहर में सोमवार सुबह दो अलग-अलग आगजनी की घटनाओं से हड़कंप मच गया। पहला हादसा पुणे के पास स्थित देहू रोड आयुध कारखाने (Ordnance Factory) में हुआ, जहां गोला-बारूद के परीक्षण के दौरान मैदान की सूखी घास में अचानक भीषण आग लग गई। वहीं दूसरी घटना पुणे रेलवे स्टेशन के पास की है, जहां यात्रियों से भरी एक चलती पीएमपीएमएल (PMPML) बस में अचानक आग लग गई। इन दोनों ही घटनाओं के बाद दमकल विभाग की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुआ।

आयुध कारखाने के परीक्षण क्षेत्र में लगी आग

अधिकारियों के अनुसार, देहू रोड स्थित आयुध कारखाने के परीक्षण क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे आग लग गई। यह वही क्षेत्र है जहां नियमित रूप से गोला-बारूद का परीक्षण किया जाता है।

अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि परीक्षण के दौरान कई बार गोला-बारूद घास वाले हिस्से में गिर जाता है, जिससे आग लगने की घटनाएं हो जाती हैं। सोमवार को भी ऐसा ही हुआ, लेकिन तेज हवाओं के कारण आग सामान्य दिनों की तुलना में अधिक क्षेत्र में फैल गई।

कई दमकल गाड़ियों की मदद से बुझाई गई आग

आग पर काबू पाने के लिए आयुध कारखाने की दमकल टीम के साथ-साथ पिंपरी-चिंचवड़ और आसपास के क्षेत्रों की अग्निशमन सेवाओं को भी मौके पर बुलाया गया। जिसके बाद आग पर काबू पा लिया गया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है और न ही किसी प्रकार का बड़ा नुकसान हुआ है। आग पूरी तरह नियंत्रण में है और चिंता की कोई बात नहीं है।

पुणे स्टेशन के पास चलती बस में लगी आग

आज सुबह करीब 8:40 बजे पुणे रेलवे स्टेशन के पास पुणे महानगर परिवहन महामंडल लिमिटेड (पीएमपीएमएल) की एक चलती बस में आग लगने की घटना भी सामने आई। बस में आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। समय रहते यात्रियों को बस से बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस से उतरते समय एक बुजुर्ग महिला घायल हो गईं।

इन दोनों घटनाओं की जांच शुरू कर दी गई है। आयुध कारखाने में आग लगने के कारणों का तकनीकी स्तर पर आकलन किया जा रहा है, जबकि पीएमपीएमएल बस में आग लगने की वजह की भी जांच की जा रही है।

Published on:
15 Jun 2026 05:09 pm