
Maharashtra Politics: संसद के आगामी सत्र से पहले देश की राजनीति में डिलिमिटेशन (परिसीमन) विधेयक को लेकर हलचल तेज हो गई है। इस मुद्दे पर शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की संभावित भूमिका को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इसी बीच पार्टी के भीतर अलग-अलग विचार सामने आने लगे हैं। एनसीपी शरद गुट के वरिष्ठ नेता और विधायक जितेंद्र आव्हाड की बेटी नताशा आव्हाड ने डिलिमिटेशन विधेयक को लेकर सवाल उठाते हुए अपनी ही पार्टी के रुख पर आपत्ति जताई है।
शरद गुट की महाराष्ट्र राज्य युवा महासचिव नताशा आव्हाड का कहना है कि महिला आरक्षण और परिसीमन जैसे दो अलग-अलग मुद्दों को एक साथ जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण का हवाला देकर मनमाने परिसीमन विधेयक को सही ठहराने की कोशिश की जा रही है। उनके इस बयान के बाद शरद पवार की एनसीपी (एसपी) में परिसीमन को लेकर मतभेद की चर्चा तेज हो गई है।
संसद के आगामी सत्र को देखते हुए शरद पवार नीत एनसीपी (एसपी) ने अपने लोकसभा सांसदों के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी किया है। पार्टी ने सभी सांसदों को 30 नवंबर से 4 दिसंबर तक सदन में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। साथ ही पार्टी की ओर से लिए जाने वाले रुख का समर्थन देने की हिदायत भी दी गई है। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि शरद पवार की पार्टी परिसीमन विधेयक पर क्या रुख अपनाती है और मतदान के दौरान किसका समर्थन करती है।
हालांकि, पार्टी की ओर से इस विधेयक पर अंतिम आधिकारिक रुख स्पष्ट नहीं किया गया है। लेकिन पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का संकेत दिया है, बशर्ते सरकार उनकी मांगे पूरी करे। इसी बीच नताशा आव्हाड के बयान ने पार्टी के भीतर चल रही वैचारिक बहस को चर्चा में ला दिया है।
नताशा आव्हाड ने सोशल मीडिया पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि परिसीमन विधेयक की बहस में महिला आरक्षण का मुद्दा उठाना भ्रामक और तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने जैसा है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले ही पारित हो चुका था। ऐसे में आगामी चुनावों में इसे लागू करने का अवसर भाजपा के पास था। अब भाजपा एक बार फिर महिला आरक्षण के मुद्दे का इस्तेमाल मनमाने परिसीमन विधेयक को उचित ठहराने के लिए कर रही है।
नताशा के मुताबिक, यह विधेयक लोकतंत्र पर सीधा हमला है। उन्होंने आगाह किया कि दोनों अलग-अलग मुद्दों को आपस में मिलाकर देखना गंभीर गलती होगी। ऐसा करने से संबंधित राजनीतिक दलों के उद्देश्य को ही मजबूती मिलेगी।
दरअसल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) नेता सुप्रिया सुले ने कहा था कि अगर परिसीमन के लिए सभी राज्यों में एक समान फॉर्मूला अपनाया जाए और महिला आरक्षण कानून को लागू किया जाए, तो उनकी पार्टी मोदी सरकार का साथ दे सकती है। लेकिन इस पर अंतिम निर्णय परिसीमन विधेयक का पूरा मसौदा देखने के बाद ही लिया जाएगा।
यह पहली बार नहीं है जब नताशा आव्हाड ने परिसीमन के मुद्दे पर एनसीपी (शरद पवार) की भूमिका को लेकर सवाल उठाए हैं। इससे पहले भी वह इस विषय पर अपनी असहमति जाहिर कर चुकी हैं।
उनके बयान के बाद उनके पिता और एनसीपी (एसपी) के वरिष्ठ नेता जितेंद्र आव्हाड ने स्पष्ट किया था कि उनकी बेटी को अपनी बात रखने की पूरी व्यक्तिगत स्वतंत्रता है। उन्होंने कहा था कि नताशा उनकी इकलौती बेटी हैं और परिवार की ओर से उनकी व्यक्तिगत आजादी पर कोई पाबंदी नहीं है। वह अपने विचार स्वतंत्र रूप से रख सकती हैं।
इस मामले पर शरद पवार की बेटी व लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले भी प्रतिक्रिया दे चुकी हैं। उन्होंने कहा था कि यदि जितेंद्र आव्हाड और उनकी बेटी के विचार अलग-अलग हैं, तो वह इसका स्वागत करती हैं। नई पीढ़ी के विचार अलग हो सकते हैं और उन्हें अपनी राय रखने का अधिकार है। हालांकि, सुप्रिया सुले ने यह भी कहा था कि उनके लिए माता-पिता की बात अंतिम होती है।
फिलहाल परिसीमन को लेकर शरद पवार की एनसीपी (एसपी) के भीतर अलग-अलग विचार सामने आ रहे हैं। एक तरफ पार्टी ने अपने सांसदों को संसद में मौजूद रहने और पार्टी के रुख का समर्थन करने का निर्देश दिया है, तो दूसरी तरफ नताशा आव्हाड ने इस मुद्दे पर अपनी असहमति जाहिर की है। ऐसे में आगामी संसदीय सत्र में शरद पवार की पार्टी का आधिकारिक रुख और मतदान के दौरान उसकी भूमिका काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।