
Maharashtra Politics: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने एक बार फिर शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर तीखा हमला बोला है। रायगढ़ किले पर आयोजित छत्रपति शिवाजी महाराज के 353वें शिवराज्याभिषेक समारोह में पहुंचे शिंदे ने कहा कि 'विमान से ज्यादा ईमान महत्वपूर्ण होता है' और 2019 की राजनीतिक घटनाओं का जिक्र करते हुए उद्धव ठाकरे पर जनादेश के खिलाफ जाकर विश्वासघात करने का आरोप लगाया।
पत्रकारों से बातचीत में शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने कहा कि 2019 विधानसभा चुनाव में जनता ने शिवसेना (अविभाजित) और भाजपा को एक साथ सरकार बनाने का जनादेश दिया था, लेकिन ऐन वक्त पर उद्धव ठाकरे ने अपना रुख बदल लिया। उन्होंने कहा कि 2019 में भाजपा और अविभाजित शिवसेना ने एक ही विमान से उड़ान भरी थी, लेकिन बाद में वह दूसरे विमान में बैठ गए और कांग्रेस के साथ गठबंधन कर लिया।
एकनाथ शिंदे ने कहा कि जनता ने 2019 में शिवसेना और भाजपा के एनडीए गठबंधन को एक ही ‘विमान’ का टिकट दिया था। लेकिन सत्ता के स्वार्थ में उद्धव ठाकरे ने बीच रास्ते में ‘विमान’ बदल लिया और कांग्रेस के साथ चले गए। उन्होंने कहा कि यह जनता के जनादेश के साथ बेईमानी थी।
शिंदे ने तंज कसते हुए कहा कि आज उद्धव ठाकरे राजनीतिक रूप से संघर्ष कर रहे हैं और इसी वजह से अलग-अलग तरह के प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, ऐसे प्रयासों से उन्हें कोई फायदा नहीं होगा।
उपमुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का जिक्र करते हुए कहा कि 2019 में उन्हें अच्छी तरह समझ में आ गया कि कपटी मित्र कितना खतरनाक होता है। इसलिए अब किसी भी तरह की राजनीतिक कोशिशों से कुछ हासिल नहीं होने वाला है।
उन्होंने कहा कि देवेंद्र फडणवीस एक अनुभवी और समझदार नेता हैं। 2019 की घटनाओं से उन्होंने बड़ा सबक लिया है, इसलिए इस मुद्दे पर उन्हें अधिक कुछ कहने की जरूरत नहीं है।
बता दें कि एकनाथ शिंदे शनिवार को रायगढ़ किले पर छत्रपति शिवाजी महाराज के 353वें शिवराज्याभिषेक समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान पत्रकारों ने उनसे शुक्रवार को नागपुर जाते समय एक ही उड़ान से उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे, संजय राउत व अन्य शिवसेना (यूबीटी) नेताओं के साथ सीएम फडणवीस की यात्रा पर सवाल किए, जिनका जवाब देते हुए उन्होंने उद्धव ठाकरे पर निशाना साधा।