
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के महाड तालुका से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां फेसबुक पर हुई दोस्ती एक विवाहित महिला के लिए जिंदगी की सबसे बड़ी भूल बन गई। सोशल मीडिया पर शुरू हुई यह पहचान ब्लैकमेलिंग और शारीरिक शोषण तक पहुंच गई। आरोपी ने महिला से नजदीकी बढ़ाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और उसकी जिंदगी नर्क जैसी बना दी। आरोपी ने आपत्तिजनक वीडियो के सहारे दो साल से अधिक समय तक अपनी हवस का शिकार बनाया।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की फेसबुक पर 38 वर्षीय आरोपी से पहचान हुई थी। धीरे-धीरे यह पहचान बातचीत से आगे बढ़ी और दोनों के बीच नजदीकी बढ़ गई। इस दौरान आरोपी ने शादीशुदा महिला से शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान उसने महिला के निजी पलों के फोटो और वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए। इन्हीं फोटो और वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने महिला को ब्लैकमेल करना शुरू किया। उसने पीड़िता के पति और बेटे को भी जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण महिला ढाई वर्षों तक चुप रही। इस दौरान आरोपी लगातार उसका शारीरिक व मानसिक शोषण करता रहा।
आरोपी ने महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाते हुए अपने मोबाइल फोन पर वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया और उसकी तस्वीरें भी लीं। इन तस्वीरों और वीडियो के जरिए आरोपी ने विवाहिता को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आखिरकार हिम्मत जुटाकर पीड़िता ने महाड शहर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में पता चला कि आरोपी ने महिला के गोरेगांव स्थित घर और अपने विक्रोली के निवास पर कई बार उसके साथ जबरदस्ती की थी। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी ने क्या किसी और महिला को भी इसी तरह फंसाया था। इस घटना से इलाके में आक्रोश फैल गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।