मुंबई

शराब के नशे में बहन को दी गाली तो भड़के 4 दोस्त, युवक की हत्या कर मुंबई भागे, भूख ने पहुंचाया सलाखों के पीछे

Himachal Pradesh Murder: हिमाचल प्रदेश में शराब पीने के दौरान बहन को लेकर गाली देने पर चार लोगों ने मुकेश कुमार की कथित तौर पर हत्या कर दी। हत्या के बाद चारों आरोपी मुंबई भाग रहे थे, लेकिन पैसे खत्म होने पर जलगांव में पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
2 min read
• •
Oct 01, 2026
Himachal Murder Case
प्रतीकात्मक तस्वीर

Himachal Murder Case: हिमाचल प्रदेश में एक युवक की हत्या कर मुंबई भाग रहे चार आरोपी पैसे खत्म होने और भूख लगने पर महाराष्ट्र के जलगांव में उतर गए। चोरी का मोबाइल बेचकर आगे के सफर और खाने का इंतजाम करने की कोशिश कर रहे आरोपियों को पुलिस ने घेरकर पकड़ लिया। हिमाचल पुलिस से मिली गोपनीय सूचना के बाद यह कार्रवाई की गई। मामला हिमाचल प्रदेश के किसंपूर इलाके का है। यहां मुकेश कुमार की कथित रूप से बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।

शराब पार्टी में हुआ विवाद

इस मामले में हिमाचल प्रदेश के संबंधित थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, मुकेश कुमार और चारों आरोपी किसंपूर इलाके में एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान मुकेश कुमार ने आरोपियों की बहन को लेकर कथित तौर पर गाली-गलौज की। इस बात से चारों आरोपी नाराज हो गए। विवाद बढ़ने पर उन्होंने मुकेश कुमार पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद चारों आरोपियों ने वहां से भागने की योजना बनाई। बुधवार सुबह करीब 11 बजे वे किसंपूर से निकले और अंबाला पहुंचे।

आरोपियों के रुपए हुए खत्म

यहां से शाम करीब 4:30 बजे मुंबई एक्सप्रेस से मुंबई की ओर रवाना हो गए। सफर के दौरान आरोपियों के पास मौजूद रुपए खत्म हो गए। लगातार यात्रा के कारण उन्हें भूख भी लग रही थी। आगे के सफर और खाने के लिए रुपयों की जरूरत थी। ऐसे में चारों ने जलगांव रेलवे स्टेशन पर उतरने का फैसला किया। उनका इरादा चोरी का मोबाइल बेचकर मिले रुपयों से आगे का सफर करने और खाना खरीदने का था।

जलगांव में मिली लाइव लोकेशन

इधर, हिमाचल प्रदेश पुलिस हत्या के बाद फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी। तकनीकी जांच के दौरान आरोपियों की लाइव लोकेशन जलगांव शहर के शनिपेठ थाना क्षेत्र में मिली। हिमाचल पुलिस ने तत्काल यह जानकारी शनिपेठ थाने के प्रभारी निरीक्षक डॉ. विशाल जयसवाल को दी। जानकारी मिलते ही उन्होंने अपराध जांच दल को अलर्ट किया। पुलिस टीम ने शनिपेठ थाना क्षेत्र और आसपास के इलाकों में गुप्त रूप से तलाश शुरू की। इसी दौरान मोबाइल बेचने की कोशिश कर रहे चारों आरोपी पुलिस की नजर में आ गए।

घेराबंदी कर चारों को पकड़ा

पुलिस टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान चंदन कुमार, रोशन गोगल मुखिया, संतोष कुमार और अजित कुमार जोगा मेहतो के रूप में हुई है। चारों बिहार के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं। शनिपेठ पुलिस ने चारों आरोपियों को फिलहाल हिरासत में रखा है। उन्हें हिमाचल प्रदेश पुलिस को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले के जांच अधिकारी आरोपियों का कब्जा लेने के लिए जलगांव रवाना हो चुके हैं। उनके पहुंचने के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर चारों आरोपियों को हिमाचल प्रदेश ले जाया जाएगा।

Updated on:
01 Oct 2026 05:29 pm
Published on:
01 Oct 2026 05:12 pm