मुंबई

मुंबई में फ्रेंच दूतावास की कर्मचारी से छेड़छाड़, आरोपी को पकड़ने गई पुलिस तो हुआ बवाल

Mumbai News: देर रात सड़क पर चल रही 27 वर्षीय विदेशी महिला पर अचानक एक स्कूटी सवार युवक की नजर पड़ी। कुछ ही देर में वह उसके पीछे-पीछे चलने लगा और फिर मौका देखते ही उसने उसके साथ छेड़छाड़ की।
2 min read
Nov 17, 2025
Mumbai Police crime
फ्रेंच दूतावास की महिला कर्मचारी से छेड़छाड़ (Photo: IANS/File)

देश में महिलाओं के लिए सुरक्षित माने जाने वाले मुंबई शहर में हैरान करने वाली घटना घटी है। बांद्रा इलाके (Bandra News) में एक फ्रेंच महिला के साथ रात में एक युवक ने छेड़छाड़ की। 27 वर्षीय पीड़िता मुंबई स्थित फ्रेंच दूतावास में काम करती हैं। घटना वाली रात वह पाली हिल में अपने एक दोस्त से मिलने के बाद पैदल ही अपने घर लौट रही थीं।

जानकारी के मुताबिक, रात करीब 12.25 बजे पीड़िता जब पैदल जा रही थी तो एक स्कूटी सवार युवक ने उसका पीछा किया। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद वह पीड़िता के पास रुका, छेड़छाड़ की और तुरंत भाग निकला। यह घटना 8 नवंबर की देर रात को हुई, लेकिन दूतावास ने 14 नवंबर को खार पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही मुंबई पुलिस हरकत में आई और घटनास्थल के आसपास के 50 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में स्कूटी का नंबर ट्रेस हुआ और आरोपी की पहचान 25 वर्षीय सुनील वाघेला (Sunil Waghela) के रूप में हुई। शनिवार रात पुलिस ने उसे उसके धारावी (Dharavi) स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी दिक्षित गेदाम (DCP Dikshit Gedam) ने एसीपी आदिकराव पोल (ACP Adikrao Pol) की अगुवाई में एक विशेष टीम बनाई। टीम ने तकनीकी जांच के जरिए वाघेला की गतिविधियों को ट्रैक किया और शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के अंदर ही उसे दबोच लिया।

पुलिस के मुताबिक, वाघेला धारावी में कबाड़ का कारोबार करता है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वह देर रात बांद्रा में क्या कर रहा था? क्या वह पीड़िता का पहले से पीछा कर रहा था?

इस बीच, पुलिस को मिले एक वीडियो में साफ दिख रहा है कि वह स्कूटी पर महिला के पीछे-पीछे चल रहा है, और फिर उसके पास रुककर छेड़छाड़ करता है और तुरंत फरार हो जाता है। अधिकारियों को शक है कि वह कुछ दिनों से पीड़ित महिला का पीछा कर रहा था।

आरोपी सुनील वाघेला के खिलाफ खार पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 के तहत मामला दर्ज किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि देर रात जब पुलिस टीम उसे गिरफ्तार करने गई थी तो उसके परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और उसके समुदाय के लोगों ने हंगामा किया, लेकिन पुलिस ने हालात को नियंत्रित कर लिया। रविवार को आरोपी को बांद्रा की हॉलिडे कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे सोमवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

Updated on:
17 Nov 2025 02:24 pm
Published on:
17 Nov 2025 02:24 pm