
Maharashtra Politics: महाराष्ट्र के कोल्हापुर स्थित गोकुल दूध संघ के अध्यक्ष पद पर आखिरकार भाजपा नीत महायुति ने बाजी मार ली है। राष्ट्रवादी कांग्रेस (NCP) के पूर्व विधायक राजेश पाटील को गोकुल दूध संघ का नया अध्यक्ष चुना गया है। उन्होंने कांग्रेस नेता सतेज पाटील समर्थित उम्मीदवार शशिकांत पाटील को शिकस्त दी। अध्यक्ष पद के चुनाव में राजेश पाटील को 16, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी को 13 वोट मिले। इस जीत से गोकुल दूध संघ में महायुति की ताकत बढ़ गई है।
चुनाव अधिकारी मोसमी चौगुले की अध्यक्षता में आज (10 नवंबर) कोल्हापुर जिला सहकारी दूध उत्पादक संघ लिमिटेड (गोकुल डेयरी) के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ। इस मुकाबले में कांग्रेस विधायक सतेज पाटील की राजर्षि शाहू शेतकरी समविचारी आघाड़ी की ओर से शशिकांत पाटील-चुयेकर मैदान में थे, जबकि महायुति समर्थित छत्रपति शाहू शेतकरी विकास आघाड़ी ने पूर्व विधायक राजेश पाटील को उम्मीदवार बनाया था। मतदान के बाद राजेश पाटील ने 16-13 के अंतर से जीत दर्ज की।
गोकुल दूध संघ के संचालक मंडल में कुल 25 निर्वाचित सदस्य हैं। इनमें सतेज पाटील समर्थित पैनल के 13 और महायुति समर्थित पैनल के 12 संचालक शामिल हैं। यानी निर्वाचित संचालकों के आंकड़ों के हिसाब से सतेज पाटील के गुट को बढ़त हासिल थी।
हालांकि, अध्यक्ष पद के चुनाव में शासन की ओर से नियुक्त चार संचालकों ने भी मतदान किया। इस तरह कुल 29 संचालकों ने मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लिया। चुनाव में राजेश पाटील को 16 वोट मिले, जबकि शशिकांत पाटील को 13 वोट प्राप्त हुए।
इस तरह निर्वाचित संचालकों के बीच पिछड़ने के बावजूद शासन नियुक्त चारों संचालकों का समर्थन मिलने से महायुति अपना उम्मीदवार जिताने में सफल रही।
गोकुल दूध संघ के लिए 18 अक्टूबर को मतदान हुआ था और 19 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए गए थे। कुल 25 सीटों में से सतेज पाटील की राजर्षि शाहू शेतकरी समविचारी आघाड़ी ने 13 सीटें जीती थीं, जबकि महायुति समर्थित छत्रपति शाहू शेतकरी विकास आघाड़ी को 12 सीटें मिली थीं। जबकि अध्यक्ष चुनने की कार्यवाही तभी आयोजित हो सकती थी, जब न्यूनतम सदस्यों की संख्या (कोरम) 14 हो। इस वजह से भाजपा के नेतृत्व वाली ‘महायुति’ सरकार ने पिछले सप्ताह एक अध्यादेश पारित किया और पांच अतिरिक्त निदेशकों को नामित किया, जिनमें से चार को मतदान का अधिकार दिया गया। सरकार के इस कदम पर विपक्षी दलों ने सवाल उठाए।
महायुति के इस फैसले को चुनौती देते हुए सतेज पाटील ने अदालत का दरवाजा खटखटाया था। इस मामले में औरंगाबाद खंडपीठ ने 10 नवंबर को चुनाव कराने का निर्देश दिया। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि पूरी चुनाव प्रक्रिया अंतिम फैसले के अधीन रहेगी।
इसके बाद तय कार्यक्रम के अनुसार आज चुनाव कराया गया और राजेश पाटील ने जीत हासिल की।
राजेश नरसिंगराव पाटील एनसीपी के पूर्व विधायक हैं। उन्होंने कोल्हापुर जिले की चंदगढ़ विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया है। उनकी पहचान वरिष्ठ नेता हसन मुश्रीफ और दिवंगत अजित पवार के करीबी नेताओं में होती है।
राजेश पाटील के पिता नरसिंग पाटील भी विधायक रह चुके हैं। राजेश पाटील ने 2024 के विधानसभा चुनाव में चंदगढ़ सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन भाजपा के बागी उम्मीदवार शिवाजी पाटील ने उन्हें मात दे दी थी।
गोकुल दूध संघ केवल एक सहकारी दुग्ध संस्था नहीं है, बल्कि कोल्हापुर की सहकारिता और स्थानीय राजनीति में भी इसका काफी प्रभाव है। ऐसे में अध्यक्ष पद पर महायुति समर्थित उम्मीदवार की जीत को सियासी दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बता दें कि गोकुल से करीब साढ़े पांच लाख किसानों का परिवार जुड़ा हुआ है। हर 10 दिन में किसानों को उनके दूध का लगभग 100 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाता है। गोकुल किसानों से रोजाना करीब 20 लाख लीटर दूध एकत्र करता है। अमूल के यह देश का सबसे बड़ा दूध संघ है।