मुंबई

Train Cancelled: बांद्रा-गोरखपुर स्पेशल समेत कई ट्रेनें रद्द, हमसफर और अंत्योदय एक्सप्रेस के रूट में बदलाव

रेल यात्रियों के लिए एक जरूरी खबर है। गोरखपुर स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज से जुड़े काम के लिए ब्लॉक लिया जाएगा। जिस वजह से पश्चिम रेलवे (Western Railway) की कई ट्रेनें प्रभावित होंगी। रेलवे प्रशासन के मुताबिक, कुछ ट्रेनों को पूरी तरह निरस्त कर दिया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों का गंतव्य से पहले यात्रा समाप्त (शॉर्ट टर्मिनेट) होगा या यात्रा शुरू (शॉर्ट ओरिजिनेट) होगा।
2 min read
May 20, 2026
Mumbai Amritsar Express fire update
जलगांव रेलवे स्टेशन पर अमृतसर एक्सप्रेस की जनरेटर बोगी में लगी आग (Photo: IANS/file)

गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर होने वाले निर्माण कार्य की वजह से यात्रियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर 7 और 8 पर फुट ओवर ब्रिज (FOB) की नींव से जुड़े कार्य के लिए ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते पश्चिम रेलवे की कई ट्रेनें रद्द, शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट की जाएंगी।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गोरखपुर स्टेशन पर ब्लॉक के कारण मुंबई से गोरखपुर के बीच चलने वाली कई ट्रेनें प्रभावित होंगी।

ये ट्रेनें रहेंगी रद्द

रेलवे के अनुसार, मुंबई के बांद्रा टर्मिनस और गोरखपुर के बीच चलने वाली साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनें दो-दो फेरों के लिए रद्द रहेंगी। 30 मई और 6 जून को चलने वाली ट्रेन संख्या 05054 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर साप्ताहिक स्पेशल रद्द रहेगी।

वहीं, 29 मई और 5 जून को चलने वाली ट्रेन संख्या 05053 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल भी निरस्त कर दी गई है।

हमसफर एक्सप्रेस का रूट प्रभावित

वहीँ, 1 जून को रवाना होने वाली 19091 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर हमसफर एक्सप्रेस गोरखपुर स्टेशन तक नहीं जाएगी। यह ट्रेन गोरखपुर कैंट स्टेशन पर ही शॉर्ट टर्मिनेट होगी। यानी गोरखपुर कैंट और गोरखपुर के बीच यह ट्रेन आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

इसी तरह 2 जून को चलने वाली 19092 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस हमसफर एक्सप्रेस गोरखपुर स्टेशन की बजाय गोरखपुर कैंट स्टेशन से रात 9:40 बजे रवाना होगी। गोरखपुर और गोरखपुर कैंट के बीच इसका संचालन नहीं होगा।

अंत्योदय एक्सप्रेस भी प्रभावित

31 मई को चलने वाली 22921 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर अंत्योदय एक्सप्रेस बलरामपुर स्टेशन पर ही शॉर्ट टर्मिनेट होगी। इसके चलते बलरामपुर और गोरखपुर के बीच ट्रेन आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

वहीं, 2 जून को चलने वाली ट्रेन संख्या 22922 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस अंत्योदय एक्सप्रेस अब गोरखपुर की बजाय बलरामपुर स्टेशन से सुबह 6:08 बजे रवाना होगी। गोरखपुर और बलरामपुर के बीच इसका संचालन रद्द रहेगा।

यात्रा से पहले जरूर चेक करें अपडेट

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति और समय की जानकारी जरूर जांच लें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके। यात्री भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाकर ट्रेनों की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Updated on:
20 May 2026 05:09 pm
Published on:
20 May 2026 05:09 pm