Maharashtra Weather Update: मुंबई शहर और उपनगरों में अगले 24 घंटे बादल छाए रहेंगे, शहर और उपनगरों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश की संभावना है।
मुंबई समेत पूरे कोंकण क्षेत्र में एक बार फिर बारिश की रफ्तार तेज होने के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 17 अगस्त के लिए मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है।
शुक्रवार को मुंबई में मध्यम बारिश का अनुमान है, जबकि ठाणे में कुछ इलाकों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई के लिए 16 और 18 अगस्त को भी येलो अलर्ट घोषित किया गया है। बीते 24 घंटों में शुक्रवार सुबह 8.30 बजे तक कोलाबा वेधशाला में 45.2 मिमी और सांताक्रूज में 11.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई शहर और उपनगरों में अगले 24 घंटों में आम तौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे, शहर और उपनगरों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
हालांकि आईएमडी ने बताया कि महाराष्ट्र में 19 अगस्त तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। वर्तमान में एक कम दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में, दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के तट के पास सक्रिय है। यह सिस्टम 7.6 किमी ऊंचाई तक फैले चक्रवाती परिसंचरण के साथ पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए अगले 24 घंटों में दक्षिण ओडिशा और उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश को पार करेगा। इसके अलावा, एक और चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पूर्वी अरब सागर और कच्छ के पास सक्रिय है। जिसके चलते महाराष्ट्र के कई जिलों में भारी बारिश के आसार है।