Mumbai Rain Alert: मुंबई समेत पूरे कोंकण बेल्ट में रात से ही गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो रही है। इसके कारण शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया है। भारी बारिश होने से पटरियों पर भी पानी भर गया है और कई प्रमुख सड़कों का नजारा तालाब की तरह दिखने लगा।
मुंबई और आसपास के जिलों में रविवार रात से शुरू हुई तेज बारिश ने सोमवार को जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। मौसम विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और चेतावनी दी है कि 16 और 17 सितंबर को मुंबई में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है।
भारी बारिश को देखते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आज दोपहर मंत्रालय स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र का दौरा किया और स्थिति की समीक्षा की। आज (15 सितंबर) सुबह मुंबई के पवई में चांदीवली के शिव भगतानी मनोर इलाके में भूस्खलन हुआ, जिसके मलबे में कई कारें दबकर क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सौभाग्य से किसी व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचा।
मुंबई में लगातार हो रही बारिश का असर यातायात पर भी पड़ा है। रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने से लोकल ट्रेनें 5 से 10 मिनट तक की देरी से चल रही हैं। हालांकि, लोकल ट्रेनों का संचालन पूरी तरह बंद नहीं किया गया। आज सुबह मोनोरेल सेवा पर भी बारिश का असर देखने को मिला, जहां तकनीकी खराबी के चलते वडाला इलाके में चेंबूर की ओर जा रही मोनोरेल बीच रास्ते में बंद पड़ गई। जिसके बाद 17 यात्रियों को रेस्क्यू करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों में मुंबई समेत पूरे राज्य में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
इस बीच, प्रशासन ने नागरिकों को आवश्यक काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। मछुआरों को भी सतर्क करते हुए समुद्र में न जाने की अपील की गई है। मुंबई में बारिश का यह दौर अभी थमता नजर नहीं आ रहा है और लोगों को गुरुवार से बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है।