मुंबई

पति की हादसे में मौत का रचा नाटक, जांच में सामने आया चौंकाने वाला सच; बेटे के लिए संघर्ष कर रहे पिता को मिला न्याय

Jalna Murder Case: जालना में 26 साल के युवक की हत्या को हादसा बताकर छिपाने का आरोप है। पुलिस जांच में पत्नी, उसके कथित प्रेमी और एक अन्य व्यक्ति पर हत्या की साजिश रचने का मामला सामने आया है।
2 min read
• •
Sep 26, 2026
Jalna Murder Case
पति की हादसे में मौत का खुला राज, प्रतीकात्मक फोटो- पत्रिका

Shubham Wagh Murder: महाराष्ट्र के जालना जिले में एक युवक की सड़क हादसे में मौत का मामला अब हत्या में बदल गया है। पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, 26 साल के युवक की कथित तौर पर हत्या कर उसे सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की गई। मामले में मृतक की पत्नी समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।

मृतक की पहचान शुभम येडूबा वाघ (26) निवासी वाकडी के रूप में हुई है। उसके पिता येडूबा राजाराम वाघ (54) की शिकायत के आधार पर भोकरदन पुलिस ने सोपान संजय जाधव, रवि महादू चिंचपुरे और शुभम की पत्नी पूनम उर्फ छकुली शुभम वाघ के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पत्नी के कथित प्रेम संबंध को लेकर सामने आया विवाद

महाराष्ट्र टाइम की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया है कि शुभम और पूनम की शादी नवंबर 2024 में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच पारिवारिक विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान शुभम के परिवार को कथित तौर पर पता चला कि पूनम के रवि चिंचपुरे के साथ प्रेम संबंध हैं। बताया गया है कि पत्नी के साथ रहने के लिए शुभम ने फैमिली कोर्ट में दावा भी दायर किया था। शिकायत के अनुसार, इसी विवाद के बीच रवि चिंचपुरे ने 4 जुलाई 2026 को शुभम को फोन कर कथित तौर पर केस वापस लेने की धमकी दी थी। शिकायत में आरोप है कि उसने केस वापस नहीं लेने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

बाइक से टक्कर मारकर हत्या का आरोप

शिकायत के मुताबिक, 7 जुलाई 2026 की शाम करीब 8 बजे शुभम भोकरदन रोड स्थित अपने खेत में सोने के लिए पैदल जा रहा था। इसी दौरान वाकडी-भोकरदन रोड पर कैलास चिंचपुरे के खेत के पास सोपान जाधव ने कथित तौर पर बाइक से उसे जोरदार टक्कर मार दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल और बेहोश शुभम को इलाज के लिए भोकरदन के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में यह मामला सड़क हादसा माना गया। हालांकि, शुभम के पिता ने अपने बेटे की मौत को लेकर संदेह जताते हुए लगातार पुलिस से जांच की मांग की।

पत्नी समेत तीन लोगों पर हत्या का केस

पुलिस में दर्ज शिकायत और लगाए गए आरोपों के अनुसार, शुभम की पत्नी पूनम, उसके कथित प्रेमी रवि चिंचपुरे और सोपान जाधव ने कथित तौर पर साजिश रची और शुभम को बाइक से टक्कर मारकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद घटना को सड़क हादसे का रूप देने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है और अभी अदालत में आरोप साबित नहीं हुए हैं।

पिता की शिकायत के बाद हत्या का केस दर्ज

शुभम के पिता येडूबा वाघ का कहना है कि उनके बेटे की मौत महज हादसा नहीं थी। उन्होंने मामले की जांच और बेटे को न्याय दिलाने के लिए लगातार पुलिस और संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया। उनकी शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच की और अब मृतक की पत्नी समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। भोकरदन पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। जांच की जिम्मेदारी पुलिस उपनिरीक्षक प्रवीण सोनावणे को दी गई है।

Updated on:
26 Sept 2026 02:12 pm
Published on:
26 Sept 2026 02:10 pm
Also Read
View All