
Ketan Agarwal case: केतन अग्रवाल मामले को लेकर अभिनेता और सांसद कंगना रनौत ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। सिया गोयल के पिता के बयान के बाद कंगना ने कहा कि इस तरह के मामलों में माता-पिता को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने कहा कि आज के समय में सोशल मीडिया और AI बच्चों की सोच को प्रभावित कर रहे हैं, ऐसे में सिर्फ परिवार देखकर बच्चों के संस्कार का अंदाजा लगाना मुश्किल है।
कंगना रनौत ने सिया गोयल के पिता के उस बयान पर रिएक्शन दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर उनकी बेटी ने केतन अग्रवाल को मारा है तो उसे भी उसी किले से धक्का दे देना चाहिए। कंगना ने इस बयान वाली खबर को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया और लिखा कि आज के समय में सिर्फ किसी के परिवार, घर या माता-पिता को देखकर बच्चों के संस्कार का पता नहीं लगाया जा सकता।
कंगना ने कहा कि ज्यादा जरूरी यह देखना है कि बच्चे किसके साथ समय बिता रहे हैं और सोशल मीडिया, AI या असल जिंदगी में उनके ऊपर किस तरह का प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज के समय में यह समझना जरूरी है कि बच्चों को कौन प्रभावित कर रहा है और उनकी सोच किस दिशा में जा रही है।
कंगना ने आगे कहा कि माता-पिता को हर मामले में दोषी नहीं माना जा सकता। उन्होंने कहा कि आज लोग अपनी अलग-अलग छवि बनाकर रखते हैं और कई बार लोग इस बात पर ज्यादा ध्यान देते हैं कि उन्हें दूसरे लोग कैसे देखते हैं, जबकि असलियत क्या है यह पता नहीं चल पाता। इसलिए बच्चों के किसी भी कदम के लिए पूरे परिवार को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है।
केतन अग्रवाल सिया गोयल मामला 18 जून को सामने आया था। जानकारी के मुताबिक, बिजनेसमैन केतन अग्रवाल लोनावला के लोहागढ़ किले घूमने गए थे, जहां उनकी मौत हो गई थी। शुरुआत में इस घटना को हादसा बताया गया था, लेकिन बाद में यह कथित हत्या के मामले में बदल गया। इस मामले में उनकी मंगेतर सिया गोयल और उनके कथित बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी का नाम सामने आया।
सिया गोयल के माता-पिता ने ANI से बातचीत में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। सिया के पिता प्रवीण गोयल ने कहा था कि वह केतन को अपने बेटे की तरह मानते थे। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी बेटी ने कभी शादी को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर नहीं की थी। उनका कहना था कि अगर आरोपी उनकी अपनी बेटी भी है तो उसे भी सख्त सजा मिलनी चाहिए।
वहीं पुलिस का कहना है कि सिया कथित तौर पर सगाई को आगे बढ़ाने को लेकर तैयार नहीं थीं। पुलिस के मुताबिक, केतन को सिया की आपत्तियों के बारे में जानकारी थी, फिर भी वह शादी को लेकर प्रतिबद्ध थे। पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि डिजिटल सबूत, लोकेशन डेटा और कॉल रिकॉर्ड से यह मामला हादसे की जगह पहले से बनाई गई योजना की ओर इशारा कर रहा है। वहीं चेतन के पिता ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि उनके बेटे को गलत तरीके से फंसाया जा रहा है।