
लोहगढ़ मर्डर केस में आमने-सामने आते ही भिड़े मंगेतर और प्रेमी
Ketan Agrawal Pune:महाराष्ट्र के लोहगढ़ किला मर्डर केस में गिरफ्तार मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी के बीच अब 'ब्लेम गेम' शुरू हो गया है। पुलिस कस्टडी में आमने-सामने की पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी खुद को बेकसूर बताने और मर्डर की पूरी साजिश का ठीकरा एक-दूसरे के सिर फोड़ने में जुटे हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि यह दोनों की कानूनी रूप से बचने की एक सोची-समझी रणनीति है।
पुलिस के पूछताछ में पचा पूछताछ के दौरान आरोपी प्रेमी चेतन चौधरी ने दावा किया कि वह केतन की जान नहीं लेना चाहता था। चेतन के मुताबिक 'मैं सिया के साथ भागकर (एलोप होकर) शादी करने के पक्ष में था। मैंने उससे कई बार कहा कि हम कहीं दूर चले चलते हैं, लेकिन सिया इसके लिए तैयार नहीं हुई। वह अपने परिवार की बदनामी के डर से सगाई तोड़ने या भागने के खिलाफ थी। केतन को रास्ते से हटाने और इस खौफनाक मर्डर प्लान को रचने की जिद खुद सिया की ही थी।'
मामले में नया मोड़ तब आया जब मंगेतर सिया गोयल ने पुलिस के सामने चेतन चौधरी पर ही आरोप मढ़ दिया। सिया का दावा है कि केतन अग्रवाल की हत्या का पूरा विचार चेतन का था, क्योंकि वह केतन को बर्दाश्त नहीं कर पा रहा था। सिया के अनुसार, 14 जून को किले पर केतन को धक्का देकर मारने की पहली कोशिश नाकाम हो गई थी, क्योंकि केतन ने गिरते समय एक पेड़ पकड़ लिया था। उसने पुलिस को बताया कि इस योजना के विफल होने के बाद चेतन उसके सामने बच्चों की तरह फूट-फूटकर रोया था और इस बात पर निराश था कि उनका प्लान सफल क्यों नहीं हो पाया।
मामले की जांच कर रहे एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों के ये बयान महज खुद को कानून के शिकंजे से बचाने का पैंतरा हैं। अधिकारी ने कहा कि दोनों आरोपी पूरी साजिश का जिम्मा एक-दूसरे पर डालकर पल्ला झाड़ना चाहते हैं। लेकिन हमारे पास सबूतों की एक ऐसी मजबूत कड़ी है जो साफ करती है कि केतन को रास्ते से हटाने की इस खौफनाक साजिश में दोनों बराबर के भागीदार थे।
Updated on:
25 Jun 2026 05:28 pm
Published on:
25 Jun 2026 05:28 pm
