
किरेन रिजिजू ने गाया रवि किशन के लिए गाना (Photo Source- Instagram/ravikishan/kiren.rijiju)
Kiren Rijiju Sings Song On MP Ravi Kishan Demand: राजनीति के व्यस्त और गंभीर माहौल के बीच से अक्सर दिल को छू लेने वाले और खूबसूरत लम्हे कम ही सामने आते हैं। वैसे तो रवि किशन अपने मीम्स और बयानों की वजह से हमेशा सुर्खियों में रहते हैं, लेकिन इस बार उनके चर्चा में रहने की वजह काफी अलग हैं। उनका और केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री और अल्पसंख्यक कार्य मंत्री (Kiren Rijiju) किरेन रिजिजू का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिसे देख लोग दोस्ती की मिसाल दे रहे हैं।
दरअसल, रवि किशन और किरेन रिजिजू का जो वीडियो वायरल हो रहा है उसमें रवि किशन को किरेन रिजिजू से एक गाने की रिक्वेस्ट करते देखा जा सकता है। वह उन्हें कहते हैं कि कोई भी पुराना गाना जो आपको पसंद हो वो सुनाइए। ऐसे में किरेन रिजिजू ने बड़े सभ्य तरीके से रवि किशन को अपना दोस्त बताया और 'याराना' का सदाबहार गाना ‘तेरे जैसा यार कहां, कहां ऐसा याराना।” गाया। जिसे सुनकर रवि किशन के चेहरे पर एक बड़ी सी स्माइल आ गई और वहां मौजूद सभी लोग झूमने पर मजबूर हो गए।
बताया जा रहा है कि यह पूरा वाकया केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू द्वारा आयोजित एक खास कार्यक्रम के दौरान का है। किरेन रिजिजू ने इस खूबसूरत और भावुक पल का वीडियो अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया है। वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने इस यादगार शाम और शानदार मेजबानी के लिए केंद्रीय मंत्री राममोहन नायडू का दिल से आभार भी व्यक्त किया।
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड हुआ, इंटरनेट यूजर्स का ध्यान किरेन रिजिजू की गायकी से ज्यादा पास खड़े रवि किशन के भावुक और मस्तीभरे रिएक्शंस ने खींच लिया। रवि किशन जिस अंदाज में अपने दोस्त के गाने का लुत्फ उठा रहे थे और ताली बजा रहे थे, वह नेटिजन्स को बेहद पसंद आ रहा है।
सोशल मीडिया पर अब रवि किशन के इन रिएक्शंस पर तरह-तरह के मजेदार मीम्स (Memes) बनाए जा रहे हैं। यूजर्स रवि किशन के एक्सप्रेशंस की तुलना अपनी रोजाना की जिंदगी के पलों से कर रहे हैं। कई कमेंट में लिख रहे हैं जब आपका सबसे पक्का दोस्त आपकी पसंदीदा फरमाइश पूरी कर दे तो शाम बन जाती है। वहीं एक ने लिखा, “ऐसी राजनीति में पक्की दोस्ती वाह क्या बात है।”
रवि किशन की बढ़ती पॉपुलैरिटी और उनके वायरल मीम्स ने न केवल युवाओं को आकर्षित किया है, बल्कि अन्य राजनेताओं और सेलिब्रिटीज़ को भी उनके साथ जुड़ने के लिए प्रेरित किया है। किरेन रिजिजू का यह वीडियो भी इसी कड़ी में एक और उदाहरण माना जा रहा है।
Updated on:
15 Aug 2026 10:05 am
Published on:
15 Aug 2026 09:47 am
