मुंबई

लोहागढ़ हत्याकांड: मंगेतर सिया के जन्मदिन पर उसे सरप्राइज देने वाला था केतन, गर्दन पर बनवाया था नाम का टैटू

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे लोहागढ़ हत्याकांड में केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने बताया कि बेटे ने मंगेतर सिया गोयल के जन्मदिन पर सरप्राइज देने के लिए गर्दन पर उसके नाम का टैटू बनवाया था। परिवार ने सगाई के लिए 28 ड्रेस और 15 सेट सोने के गहने खरीदे थे।
2 min read
• •
Sep 29, 2026
Ketan Agarwal Murder Case
मंगेतर सिया के जन्मदिन पर उसे सरप्राइज देने वाला था केतन, फोटो सोर्स- एक्स ( @Devoleena_23)

Lohagad Fort Murder:महाराष्ट्र के पुणे के लोहागढ़ किला हत्याकांड में एक नया खुलासा हुआ है। मृतक केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने बताया कि उनके बेटे ने अपनी मंगेतर सिया गोयल के जन्मदिन पर उसे सरप्राइज देने के लिए अपनी गर्दन पर उसके नाम का टैटू बनवाया था। परिवार को उस समय जरा भी अंदाजा नहीं था कि सिया के मन में केतन को लेकर कुछ और चल रहा है।

विशाल अग्रवाल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि केतन और सिया की शादी को लेकर पूरा परिवार उत्साहित था। सिया के जन्मदिन और शादी की तैयारियां भी चल रही थीं। सगाई के लिए परिवार ने सिया की पसंद के मुताबिक खरीदारी की थी। उन्होंने बताया कि जब हम उसकी सगाई के लिए खरीदारी करने गए थे, तो हमने उसकी पसंद की 28 ड्रेस और 15 सेट सोने के गहने खरीदे थे। विशाल अग्रवाल के मुताबिक, केतन ने 19 जून को महाबलेश्वर में सिया के लिए खास तरीके से जन्मदिन मनाने की योजना बनाई थी। इसी मौके पर उसे सरप्राइज देने के लिए केतन ने अपनी गर्दन पर सिया के नाम का टैटू भी बनवाया था।

18 जून को लोहागढ़ किले में हुई थी केतन की मौत

मामला 18 जून का है, जब पुणे के पास लोहागढ़ किले में केतन अग्रवाल की मौत हो गई थी। आरोप है कि उसे चट्टान से नीचे धक्का दिया गया था। केतन और सिया की फरवरी में सगाई हुई थी और दोनों की शादी इस साल बाद में होनी थी। पुलिस के आरोपों के मुताबिक, सिया ने अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन की हत्या की साजिश रची थी। दोनों को जून में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस का आरोप है कि हत्या को हादसा दिखाने की कोशिश भी की गई थी।

फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट से केतन को लोहागढ़ बुलाने का आरोप

पुणे ग्रामीण पुलिस की ओर से दाखिल चार्जशीट के अनुसार, सिया और चेतन चौधरी ने कथित तौर पर एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट का इस्तेमाल कर केतन को 18 जून को लोहागढ़ किले पर बुलाया था। पुलिस का आरोप है कि वहां केतन को चट्टान से धक्का दिया गया। चार्जशीट में यह भी आरोप लगाया गया है कि इससे पहले भी उसी स्थान पर केतन की हत्या की कोशिश की गई थी।

विशाल अग्रवाल ने कहा कि परिवार ने सिया को अपने होने वाले परिवार के सदस्य के तौर पर स्वीकार किया था। उस समय केतन या परिवार को सिया के कथित इरादों पर कोई शक नहीं था। उन्होंने कहा कि परिवार को बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि यह रिश्ता उनकी सोच के मुताबिक नहीं था।

Updated on:
29 Sept 2026 05:00 pm
Published on:
29 Sept 2026 05:00 pm