
Ketan Agarwal Mother demand death for Siya Goyal: पुणे के कारोबारी के बेटे केतन अग्रवाल मौत मामले में हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं। इस बीच केतन की मां का दर्द मीडिया के सामने छलक पड़ा। उन्होंने अपनी होने वाली बहू सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके बेटे की मौत के लिए दोनों पूरी तरह जिम्मेदार हैं। वहीं, सिया गोयल की गिरफ्तारी के बाद उसका परिवार कही चले गया है और बिबवेवाड़ी स्थित आलीशान घर पूरी तरह सूना नजर आ रहा है।
केतन अग्रवाल की मां ने भावुक होते हुए कहा, “मेरा बेटा अब इस दुनिया में नहीं है। उसकी मौत के पीछे सिया और उसका बॉयफ्रेंड हैं। सिया ने मुझे धोखा दिया, मुझसे झूठ बोला। मैंने तो उसे अपनी बहू माना था। हमें कभी उस पर शक नहीं हुआ। मैं उससे कई बार मिली थी। हम साथ में शॉपिंग करने जाते थे, डिनर पर जाते थे। हमने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि वह ऐसा कर सकती है।”
उन्होंने कहा कि परिवार सिया को अपनी बेटी की तरह मानता था, लेकिन अब जो आरोप सामने आए हैं, उससे पूरा परिवार सदमे में है। उन्होंने मामले में शामिल सभी आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की।
पुणे के बिबवेवाड़ी स्थित सिया गोयल का घर मंगलवार से ही बंद है। बंगले के गेट पर ताला लगा हुआ है। सिया गोयल को पुलिस ने उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों पर 26 वर्षीय केतन अग्रवाल की हत्या का आरोप है।
पुलिस का आरोप है कि दोनों ने मिलकर साजिश रची और सिया के मंगेतर केतन अग्रवाल को लोहागढ़ किले पर ले जाकर 400 फीट गहरी खाईं में धकेल दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गोयल परिवार लंबे समय से ड्राई फ्रूट के कारोबार से जुड़ा हुआ है। जबकि केतन अग्रवाल अपने पिता के साथ रियल स्टेट कारोबार से जुड़े थे।
केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने कहा, "अगर सिया शादी नहीं करना चाहती थी तो सीधे मना कर देती। हम तुरंत शादी रद्द कर देते। किसी पर कोई दबाव नहीं था। केतन मेरे बुढ़ापे का सहारा था, वह मेरा आगे का वंशज था। मेरी चिता को वही आग देने वाला था, लेकिन अब वह नहीं रहा। सिया की वजह से मेरा सब कुछ खत्म हो गया।"
इस मामले में जहां पुलिस हत्या और साजिश के एंगल से जांच कर रही है, वहीं बचाव पक्ष इसे हादसा बता रहा है। दूसरी ओर, केतन का परिवार इसे सुनियोजित हत्या करार दे रहा है। ऐसे में पुलिस जांच, डिजिटल सबूत और फोरेंसिक रिपोर्ट इस हाई-प्रोफाइल मामले की सच्चाई सामने लाने में अहम भूमिका निभाएंगे। फिलहाल सिया गोयल और चेतन चौधरी पुलिस हिरासत में हैं और उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है।