
Siya Goyal Confession: पुणे के नामी रियल स्टेट कारोबारी के बेटे केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस हिरासत में मौजूद मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी पूछताछ के दौरान एक-दूसरे पर हत्या की साजिश का आरोप लगा रहे हैं। वहीं, सिया ने पुलिस के सामने दावा किया है कि उसने शादी से पहले ही केतन को अपने प्रेम संबंध के बारे में बता दिया था और शादी नहीं करने की इच्छा भी जाहिर की थी। लेकिन केतन ने उसकी एक न सुनी।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों के बयान एक-दूसरे पर हत्या की जिम्मेदारी डालने की कोशिश हैं। जिससे सजा से बचा जा सके। हालांकि जांच एजेंसी के पास ऐसे कई सबूत हैं, जो बताते है कि दोनों ही 26 वर्षीय केतन की हत्या की साजिश में शामिल थे।
रिपोर्ट्स के अनुसार, पूछताछ के दौरान सिया गोयल ने पुलिस को बताया कि उसका चेतन चौधरी के साथ प्रेम संबंध था और उसने यह बात केतन अग्रवाल से छिपाई नहीं थी। सिया के मुताबिक, उसने केतन से कई बार कहा था कि वह यह शादी नहीं करना चाहती और चेतन के साथ अपना जीवन बिताना चाहती है। सिया का दावा है कि इसके बावजूद केतन शादी तोड़ने के लिए तैयार नहीं था। फिलहाल पुलिस ने इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में चेतन चौधरी ने दावा किया कि वह सिया के साथ भाग जाना चाहता था, लेकिन सिया बदनामी के डर के चलते तैयार नहीं हुई। उसने ही केतन की हत्या की योजना बनाई थी।
दूसरी ओर, सिया ने पुलिस को बताया कि केतन की हत्या का आईडिया चेतन का था। उसने यह भी दावा किया कि 14 जून को हत्या की पहली कोशिश नाकाम होने के बाद चेतन उसके सामने रो पड़ा था।
जांच अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपी अपने बचाव के लिए एक-दूसरे पर दोष मढ़ रहे हैं। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस के पास ऐसे कई सबूत है, जिससे यह संकेत मिलता है कि दोनों साजिश में शामिल थे।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि 31 मई से 4 जून के बीच सिया और चेतन पुणे के एक कैफे में मिले थे। पुलिस को संदेह है कि इसी दौरान सिया ने अपने मंगेतर केतन की हत्या की साजिश रची थी। इस संबंध में दोनों से लगातार पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में यह सामने आया है कि केतन अग्रवाल की हत्या अचानक नहीं की गई, बल्कि इसके पीछे कई दिनों तक की गई कथित सुनियोजित तैयारी थी। जांच में पहले भी सामने आ चुका है कि 18 जून को लोहगढ़ किले पर केतन को ले जाया गया, जहां उसे कथित रूप से खाई में धक्का देकर मार दिया गया। शुरुआत में इस घटना को हादसा माना गया था, लेकिन बाद में जांच में हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया गया। 18 जून से पहले भी कई बार केतन की जान लेने की योजना दोनों ने बनाई थी, लेकिन किसी न किसी कारण से वह बच जाता।
केतन अग्रवाल अमेरिका के बोस्टन से एमबीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद भारत लौटकर परिवार का कारोबार संभालना शुरू किया था।
बताया गया कि केतन और सिया के परिवार एक-दूसरे को कई वर्षों से जानते थे। इसी साल फरवरी में एक पारिवारिक शादी के दौरान दोनों की मुलाकात हुई और कुछ ही दिनों में सगाई तय हो गई। दोनों की इसी साल नवंबर में जयपुर के एक महल में भव्य शादी होने वाली थी।
सिया की आदत से परिवार था परेशान जांच में यह भी सामने आया है कि सिया का परिवार चेतन चौधरी के साथ उसके रिश्ते के खिलाफ था। दरअसल चेतन उतने संपन्न परिवार से नहीं था। इसके अलावा सिया और चेतन दोनों ही शराब के आदी थे। जिससे परिवार परेशान था। इसलिए सिया का परिवार चाहता था कि सिया की शादी जल्द से जल्द केतन से हो जाए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।