
एक नहीं तीन बार केतन को मारने का सिया का प्लान हो गया था फेल (Photo: X/@venom1s)
Siya Goyal Confession: महाराष्ट्र के पुणे जिले के लोनावला स्थित लोहगढ़ किले पर 26 वर्षीय कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत को पहले एक दर्दनाक हादसा माना जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में सामने आए खुलासों ने पूरे मामले को सनसनीखेज हत्या की साजिश में बदल दिया है। पुलिस का दावा है कि केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने पिछले एक महीने के दौरान कई बार उसकी हत्या करने की कोशिश की और आखिरकार 18 जून को उसे लोहगढ़ किले से खाई में धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया। अधिकारियों के अनुसार, सिया और चेतन ने केतन की हत्या के लिए बेहद शातिर प्लानिंग की थी।
पुलिस जांच के अनुसार, सिया और चेतन लंबे समय से केतन को रास्ते से हटाने की योजना बना रहे थे। अधिकारियों का कहना है कि दोनों ने कई मौकों पर हत्या की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।
पहली कथित कोशिश 31 मई को लोहगढ़ किले पर हुई। सिया केतन को लेकर किले पर गई थी। वहां उसने केतन को पहाड़ी से नीचे धकेल दिया। लेकिन किस्मत से केतन ने एक झाड़ी को पकड़ लिया और उसकी जान बच गई। केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने बताया कि उस वक्त सिया ने बड़ी चालाकी से कहानी बदल दी। उसने केतन से कहा कि वहां एक सांप था, जिससे बचाने के लिए उसने उसे धक्का दिया था। इसके बाद उसने केतन को गले लगा लिया ताकि किसी को शक न हो।
पुलिस के अनुसार, 4 जून को भी केतन को दोबारा लोहगढ़ जिले ले जाने की योजना थी, लेकिन उसकी मां ने उसे जाने से रोक दिया। तब सिया ने केतन को किले पर ले जाने की काफी जिद की थी। जांच अधिकारियों का मानना है कि उस दिन भी कोई बड़ी साजिश रची जा रही थी, जो पूरी नहीं हो सकी।
केतन अग्रवाल की मां ने रोते हुए कहा, “मेरा बेटा अब इस दुनिया में नहीं है। उसकी मौत के पीछे सिया और उसका प्रेमी हैं। सिया ने मुझे धोखा दिया, मुझसे झूठ बोला। मैंने तो उसे अपनी बहू माना था। हमें कभी उस पर शक नहीं हुआ। मैं उससे कई बार मिली थी। हम साथ में शॉपिंग करने जाते थे, डिनर पर जाते थे। हमने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि वह ऐसा कर सकती है। उसे फांसी की सजा मिलनी चाहिए।”
जांच में एक और संदिग्ध घटना सामने आई है। 6 जून को केतन और सिया का प्री-वेडिंग फोटोशूट बाली में होना था, लेकिन सफर से ठीक पहले केतन का पासपोर्ट गायब हो गया। सिया नहीं चाहती थी कि यह ट्रिप हो।
लोनावला ग्रामीण पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी के दस्तावेज एक ही पाउच में रखे गए थे। एक मॉल में रुकने के दौरान सिया ने फोन भूलने का बहाना बनाकर अकेले कार में गई थी। पुलिस को संदेह है कि उसी दौरान पासपोर्ट गायब हुआ। पासपोर्ट गुम होने का पता एयरपोर्ट पर चला और इस वजह से बाली की ट्रिप कैंसिल करनी पड़ी। हालांकि, इस संबंध में अभी उससे विस्तृत पूछताछ की जानी बाकी है।
पुलिस का कहना है कि सिया ने 14 जून को भी केतन को लोहगढ़ आने के लिए मनाया था। जांचकर्ताओं के अनुसार, उस दिन भी उसे खाई में धक्का देने की योजना थी। लेकिन रविवार होने के कारण किले पर भारी भीड़ थी, इस वजह से उनका प्लान सफल नहीं हो सका।
आखिरकार 18 जून की सुबह सिया अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन को लोहगढ़ किले की उसी गहरी खाई में धकेलने में कामयाब हो गई।
पुलिस ने भी शुरू में केतन की मौत को हादसा समझा, लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, सच सामने आ गया। पुलिस ने सिया और चेतन के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) तथा डिजिटल सबूतों की जांच की। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों के बीच हजारों फोन कॉल्स और घंटों लंबी बातचीत के रिकॉर्ड मिले हैं।
इसके बाद पुलिस ने किले के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में घटना के वक्त एक रहस्यमयी शख्स सिर पर हुडी लगाए संदिग्ध हालत में घूमता दिखा। जब पुलिस ने चेतन चौधरी के सोशल मीडिया प्रोफाइल और तस्वीरों का मिलान उस हुडी वाले शख्स से किया, तो दोनों हुबहू मैच हो गए। पुलिस ने तुरंत जाल बिछाकर चेतन को हिरासत में लिया, जिसके बाद पूछताछ में पूरी साजिश की परतें खुल गईं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि सिया और चेतन एक-दूसरे को एक साल से जानते थे। अधिकारियों ने जब चेतन से पूछा कि दोनों ने केतन को मारने की बजाय शादी तोड़कर साथ रहने का विकल्प क्यों नहीं चुना, तो उसने कथित तौर पर बताया कि सिया ऐसा नहीं चाहती थी। उसे डर था कि सगाई तोड़कर भागने से उसके परिवार की बदनामी होगी। पुलिस का मानना है कि इसी वजह से दोनों ने केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश रचने समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। स्थानीय अदालत ने दोनों को 29 जून तक पुलिस कस्टडी में भेजा है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है और मामले से जुड़े अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं।
Updated on:
24 Jun 2026 01:42 pm
Published on:
24 Jun 2026 12:09 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
