मुंबई

‘केतन के साथ जीना चाहती हूं, चेतन से कोई वास्ता नहीं’, साहिल ने बहन सिया को लेकर किया बड़ा दावा, जांच में नया मोड़

Sia Goyal brother interview: पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में सिया गोयल के भाई साहिल गोयल ने दावा किया कि उसकी बहन केतन से ही शादी करना चाहती थी। हालांकि पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों ने उसके बयान पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
3 min read
Jul 01, 2026
Ketan Agarwal Siya Goyal case update
बहन केतन से ही शादी करना चाहती थी, सिया के भाई साहिल का बड़ा दावा (Photo: IANS/ANI)

Pune Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। अब इस मामले में मुख्य आरोपी सिया गोयल (20) के भाई साहिल गोयल ने पहली बार चुप्पी तोड़ते हुए दावा किया है कि उसकी बहन केतन अग्रवाल से ही शादी करना चाहती थी और कथित प्रेमी चेतन चौधरी (22) को लेकर सिर्फ भ्रम की स्थिति में थी। हालांकि, पुलिस की अब तक की जांच में सामने आए तथ्य साहिल के दावों से मेल नहीं खाते हैं।

'सिया ने कहा था, केतन के साथ ही जिंदगी बितानी है'

एक इंटरव्यू में साहिल गोयल ने कहा कि उसे सिया और चेतन के रिश्ते की जानकारी थी, क्योंकि दोनों की मुलाकात उसके जरिए हुई थी। लेकिन उसने यह बात अपने माता-पिता को नहीं बताई क्योंकि सिया ने उसे भरोसा दिलाया था कि वह केवल केतन अग्रवाल से ही शादी करेगी।

साहिल के मुताबिक, सिया ने उससे कहा था कि वह चेतन से किसी भी तरह का रिश्ता नहीं रखना चाहती और वह शादी सिर्फ केतन से ही करेगी। इसी वजह से उसने परिवार को सिया-चेतन के रिश्ते के बारे में कुछ नहीं बताया।

सिया कर रही थी प्री-वेडिंग शूट की तैयारियां- साहिल

साहिल ने दावा किया कि सिया अपनी शादी को लेकर बेहद उत्साहित थी। वह केतन के साथ अपनी प्री-वेडिंग फोटोशूट की घंटों योजना बनाती थी। शूट के लिए गाने चुनती थी, लोकेशन तय करती थी और इस बारे में केतन से लंबे समय तक वीडियो कॉल पर बात करती थी। इस वजह से उसे कभी नहीं लगा कि सिया शादी नहीं करना चाहती थी।

'दोस्ती और प्यार में कन्फ्यूज थी सिया'

साहिल के अनुसार, सिया ने उससे कहा था कि चेतन सिर्फ उसका अच्छा दोस्त है और उसे उसके साथ समय बिताना अच्छा लगता है। वह अपने रिश्ते को लेकर उलझन में थी। साहिल ने बताया कि उसने सिया को समझाया था कि कई बार कम उम्र में दोस्ती और प्यार के बीच कन्फ्यूजन हो जाता है। लेकिन सिया ने साफ कहा था कि वह आगे बढ़कर केतन से ही शादी करना चाहती है।

पुलिस जांच में सामने आई अलग कहानी

हालांकि, पुलिस जांच में सामने आई जानकारी साहिल के बयान से अलग तस्वीर पेश कर रही है। जांच अधिकारियों का कहना है कि सिया केतन से शादी नहीं करना चाहती थी और उसने इस बारे में साहिल को पहले ही बता दिया था।

पुलिस को यह भी संदेह है कि साहिल को सिया और चेतन के रिश्ते की पूरी जानकारी थी, लेकिन उसने जानबूझकर इस पर चुप्पी साधे रखी।

ड्राइवर का बयान भी भाई के दावों से अलग

उधर, जांच के दौरान उस ड्राइवर का बयान भी सामने आया है, जो प्री-वेडिंग शूट के लिए सिया को मुंबई एयरपोर्ट छोड़ने गया था। दोनों वहां से बाली जाने वाले थे। ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि सिया जाने के लिए तैयार नहीं थी, लेकिन साहिल ने कथित तौर पर उसे जबरन कार में बैठाया। इसके अलावा, बाली ट्रिप से पहले केतन का पासपोर्ट गायब होने की घटना के बाद भी साहिल ने कथित तौर पर किसी से कुछ नहीं कहा।

साहिल से पुलिस ने की 10 घंटे पूछताछ

इससे पहले पुलिस ने सोमवार को साहिल गोयल से करीब 10 घंटे तक पूछताछ की और उसका बयान दर्ज किया। फिलहाल उसे इस मामले में आरोपी नहीं बनाया गया है। वहीं, मुख्य आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी पुलिस हिरासत में हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों ने पूछताछ के दौरान हत्या की बात स्वीकार कर ली है।

चेतन से क्राइम सीन रिक्रिएट करवा रही पुलिस

पुणे ग्रामीण पुलिस आज सुबह आरोपी चेतन चौधरी को लेकर लोहगढ़ किला पहुंचा है, जहां क्राइम सीन रीकंस्ट्रक्शन और गेट एनालिसिस किया जाएगा। इससे पहले इस मामले की आरोपी सिया गोयल के साथ भी क्राइम सीन रीकंस्ट्रक्शन की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है।

पुणे के रहने वाले रियल एस्टेट कारोबारी केतन को कथित तौर पर 18 जून को जिले के लोहगढ़ किले की एक चट्टान से धक्का देकर मार डाला गया था। आरोप है कि उसकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने केतन को धक्का दे दिया था। दोनों को 3 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मामले की जांच अभी जारी है।

Updated on:
01 Jul 2026 09:22 am
Published on:
01 Jul 2026 09:15 am