मुंबई

पहले हाथ-पैर तुड़वाने, सुपारी देकर मरवाने का था प्लान! केतन अग्रवाल हत्याकांड में नया खुलासा, सेंट्रल जेल में बंद है सिया और चेतन

Siya Goyal Chetan Chaudhary Plot: केतन अग्रवाल हत्याकांड में नया खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, सिया गोयल और चेतन चौधरी ने पहले सुपारी, हमला और हाथ-पैर तुड़वाने जैसे विकल्पों पर विचार किया, फिर लोहगढ़ किले से धक्का देकर हत्या की साजिश रची।
2 min read
Jul 20, 2026
Ketan Agrawal Murder Case
केतन अग्रवाल, सिया गोयल और चेतन चौधरी (Photo: X/IANS)

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के 26 वर्षीय व्यवसायी केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में एक के बाद एक चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। अब पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने केतन अग्रवाल की हत्या से पहले उसे रास्ते से हटाने के कई तरीके तलाशे थे। रिपोर्ट्स में पुलिस सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि दोनों ने पहले किसी तीसरे व्यक्ति से हमला करवाने, हाथ-पैर तुड़वाने और यहां तक कि सुपारी देकर हत्या कराने जैसे विकल्पों पर भी चर्चा की थी। आखिर में दोनों ने केतन को लोहगढ़ किले से धक्का देकर मारने की योजना फाइनल की।

सुपारी देकर हमला करवाने और हाथ-पैर तोड़ने की थी योजना

पुलिस जांच के अनुसार, सिया गोयल और चेतन चौधरी ने केतन अग्रवाल को रास्ते से हटाने के लिए कई संभावित तरीकों पर विचार किया था। दोनों ने किसी तीसरे व्यक्ति को हायर करने पर भी चर्चा की थी। दोनों ने केतन पर किसी भाड़े के गुंडे से हमला करवाने, उसके हाथ-पैर तुड़वाने या फिर सुपारी किलर के जरिए उसकी हत्या करवाने जैसे अलग-अलग तरीकों को खंगाला था। इन सभी विकल्पों पर विचार-विमर्श करने के बाद ही उन्होंने आखिरकार केतन को किले से धक्का देने की खौफनाक साजिश रची।

इंटरनेट पर देखे हत्या के वीडियो और बचने के तरीके

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने अपराध को अंजाम देने से पहले इंटरनेट का सहारा लिया था। दोनों ने हत्या के अलग-अलग तरीकों और वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस की गिरफ्त से बचने की रणनीतियों को समझने के लिए कई वीडियो देखे थे। इसके अलावा उन्होंने हत्या का रिहर्सल भी किया था।

हालांकि, पुलिस की ओर से सामने आई ये सभी जानकारियां चल रही जांच का हिस्सा हैं। मामले की जांच अभी जारी है और आगे और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

हत्या को बताया हादसा, लेकिन हो गया सिया का पर्दाफाश!

18 जून को महाराष्ट्र के लोहगढ़ किले से 26 वर्षीय केतन अग्रवाल के गिरने की घटना को शुरुआत में एक हादसा माना गया था। लेकिन पुणे ग्रामीण पुलिस की जांच में यह मामला सुनियोजित हत्या का निकला।

पुलिस का आरोप है कि केतन अग्रवाल को गहरी खाई में धक्का देने की साजिश उसकी मंगेतर सिया गोयल (20) और उसके प्रेमी चेतन चौधरी (22) ने मिलकर रची थी। जांच के अनुसार, 19 फरवरी को केतन और सिया की सगाई हुई थी और दोनों की शादी इसी साल नवंबर में होने वाली थी।

शादी नहीं करना चाहती थी सिया- पुलिस

पुलिस जांच में यह भी दावा किया गया है कि सिया गोयल अक्टूबर 2025 से ही चेतन चौधरी के साथ रिश्ते में थी और वह केतन अग्रवाल से शादी नहीं करना चाहती थी। इसी वजह से कथित तौर पर दोनों ने केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

फिलहाल, सिया गोयल और चेतन चौधरी न्यायिक हिरासत में येरवडा सेंट्रल जेल में बंद हैं। 16 जुलाई को पुणे की अदालत ने दोनों की न्यायिक हिरासत 14 दिनों के लिए बढ़ा दी थी। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आने वाले दिनों में इस केस में और अहम खुलासे हो सकते हैं।

Updated on:
20 Jul 2026 11:52 am
Published on:
20 Jul 2026 11:50 am