
पुलिस ने सिया के कपड़े किए जब्त (Photo: IANS)
Siya Goyal Chetan Chaudhary: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। शुरुआत में ट्रैकिंग के दौरान हादसा मानी जा रही यह घटना अब पूरी तरह से सुनियोजित हत्या की साजिश के रूप में सामने आ चुकी है। इस मामले में केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी पुलिस हिरासत में हैं। अब जांच में यह खुलासा हुआ है कि केतन को शादी से पहले ही सिया पर शक हो गया था और उसने तीन अलग-अलग मौकों पर अपने पिता से उसका बैकग्राउंड वेरिफिकेशन कराने की बात कही थी।
पुलिस जांच के अनुसार, मुख्य आरोपी चेतन चौधरी राजस्थान के जोधपुर के पास पलासनी गांव का रहने वाला है और उच्च शिक्षा के लिए पुणे आया था। उसके पिता जोधपुर में किराना दुकान चलाते हैं। संयोग से उसी दुकान के सामने सिया गोयल के पिता का कार्यालय है।
कॉलेज के दौरान क्रिकेट खेलने के समय चेतन की दोस्ती सिया के भाई साहिल से हुई। इसी के जरिए चेतन और सिया की मुलाकात हुई और पिछले एक साल से दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हो गए। जांच में सामने आया है कि दोनों उदयपुर और जोधपुर भी साथ घूमने गए थे। चेतन ने अपने दोस्तों से दावा किया था कि वह और सिया जल्द शादी करेंगे और शादी के बाद राजस्थान में बसने की योजना बना रहे हैं।
जोधपुर में चेतन के दोस्तों ने पुलिस को बताया कि वह अक्सर सिया को राजस्थान की संस्कृति और मारवाड़ी परंपराओं से जुड़े वीडियो दिखाया करता था। उसने अपने दोस्तों से यह भी कहा था कि शादी के बाद दोनों पुणे छोड़कर उदयपुर या जोधपुर में स्थायी रूप से बस जाएंगे। कथित तौर पर चेतन ने यह दावा भी किया था कि राजस्थान में नया जीवन शुरू करने के लिए जरूरी पैसों का इंतजाम सिया अपने परिवार से करेगी।
एफआईआर में दर्ज केतन के पिता विशाल अग्रवाल के बयान के अनुसार, केतन ने सगाई के बाद पहली बार अपने पिता से पूछा था कि क्या सिया का बैकग्राउंड ठीक से जांचा गया है। उसने कहा था कि सिया अक्सर चेतन चौधरी का जिक्र करती है, इसलिए उसे दोनों के रिश्ते पर शक हो रहा है।
परिवार ने उसे भरोसा दिलाया कि रिश्ता लेकर आने वाले नरेंद्र मित्तल ने पूरी जांच कर ली है और चिंता की कोई बात नहीं है। नरेंद्र मित्तल दोनों परिवारों के रिश्तेदार भी हैं, इसलिए परिवार ने उनकी बात पर भरोसा किया।
जांच में सामने आया कि जब परिवार प्री-वेडिंग शूट के लिए इंडोनेशिया जाने की तैयारी कर रहा था, उसी दौरान मुंबई एयरपोर्ट पर केतन का पासपोर्ट खो गया। इस घटना के बाद उसने दोबारा अपने पिता से सिया के बारे में सवाल किए। उसने कहा कि सिया छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करती है और पूछा कि क्या उसका बैकग्राउंड सच में जांचा गया था। परिवार ने एक बार फिर उसे भरोसा दिलाकर शांत कर दिया।
केतन ने तीसरी बार अपनी चिंता तब जताई, जब वह लोहागढ़ किले की यात्रा से लौटा। उसने अपने पिता से कहा कि जब भी वह सिया को फोन करता है, उसका फोन अक्सर बिजी रहता है। इतना ही नहीं, सिया उसके साथ रहने के दौरान भी चेतन चौधरी का जिक्र करती रहती थी।
केतन ने अपने पिता से सीधा सवाल पूछा था, "क्या सिया का किसी और के साथ अफेयर चल रहा है?" लेकिन परिवार ने फिर यही भरोसा दिलाया कि सिया परिवार की परिचित है और नरेंद्र मित्तल के जरिए उसका पूरा बैकग्राउंड वेरिफाई किया जा चुका है।
एफआईआर के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच रिश्ते की कड़ी नरेंद्र मित्तल थे। नरेंद्र मित्तल की बहन की शादी प्रवीण गोयल से हुई है, इसलिए वह सिया के मामा और विशाल अग्रवाल के चचेरे भाई लगते हैं। इसी पारिवारिक संबंध के चलते अग्रवाल परिवार ने इस रिश्ते पर भरोसा किया। फरवरी में पुणे के बंड गार्डन इलाके में दोनों की सगाई हुई थी।
अब पुलिस इस पूरे मामले की हर कड़ी की जांच कर रही है। सिया गोयल और चेतन चौधरी से लगातार पूछताछ जारी है और जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित हत्या की साजिश कब और कैसे रची गई।
Updated on:
02 Jul 2026 12:07 pm
Published on:
02 Jul 2026 12:07 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
