
Siya Goyal Confession: महाराष्ट्र के पुणे जिले के लोनावला स्थित लोहगढ़ किले पर 26 वर्षीय कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत को पहले एक दर्दनाक ट्रैकिंग हादसा माना जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में सामने आए खुलासों ने पूरे मामले को सनसनीखेज हत्या की साजिश में बदल दिया है। पुलिस का दावा है कि केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने पिछले 24 दिनों के दौरान कई बार उसकी हत्या करने की कोशिश की और आखिरकार 18 जून को उसे खाई में धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस जांच के अनुसार, सिया और चेतन लंबे समय से केतन को रास्ते से हटाने की योजना बना रहे थे। अधिकारियों का कहना है कि दोनों ने कई मौकों पर हत्या की कोशिश की, लेकिन परिस्थितियां अनुकूल नहीं होने के कारण वे सफल नहीं हो सके।
पहली कथित कोशिश 31 मई को लोहगढ़ किले पर हुई। पुलिस के मुताबिक, सिया ने केतन को खाई की ओर धक्का देने की कोशिश की थी। हालांकि, केतन ने एक झाड़ी पकड़कर अपनी जान बचा ली। बाद में सिया ने इस घटना को हादसे का रूप देते हुए दावा किया कि उसने केतन को सांप से बचाने के लिए ऐसा किया था।
केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने बताया कि उनके बेटे ने उस दिन बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सिया ने पहले धक्का दिया और बाद में खुद को रक्षक के रूप में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 4 जून को भी केतन को दोबारा लोहगढ़ ले जाने की योजना थी, लेकिन उसकी मां ने उसे जाने से रोक दिया। जांच अधिकारियों का मानना है कि उस दिन भी कोई बड़ी साजिश रची जा रही थी, जो पूरी नहीं हो सकी।
जांच में एक और संदिग्ध घटना सामने आई है। 6 जून को केतन और सिया का प्री-वेडिंग फोटोशूट बाली में होना था, लेकिन यात्रा से ठीक पहले केतन का पासपोर्ट गायब हो गया।
लोनावला ग्रामीण पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी के दस्तावेज एक ही पाउच में रखे गए थे। एक मॉल में रुकने के दौरान सिया अकेले कार तक गई थी। पुलिस को संदेह है कि उसी दौरान पासपोर्ट गायब हुआ। हालांकि, इस संबंध में अभी उससे विस्तृत पूछताछ की जानी बाकी है। पासपोर्ट नहीं मिलने के कारण बाली यात्रा रद्द कर दी गई थी।
पुलिस का कहना है कि सिया ने 14 जून को भी केतन को लोहगढ़ आने के लिए मनाया था। जांचकर्ताओं के अनुसार, उस दिन भी उसे खाई में धक्का देने की कोशिश की गई। बाद में सांप दिखने की झूठी कहानी बनाकर खुद को बचाने वाली के रूप में पेश किया गया।
जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, पुलिस ने सिया और चेतन के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) तथा डिजिटल सबूतों की जांच की। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों के बीच हजारों फोन कॉल्स और घंटों लंबी बातचीत के रिकॉर्ड मिले हैं।
पुलिस ने सोशल मीडिया प्रोफाइल और तस्वीरों की भी जांच की। इसके बाद लोहगढ़ किले के सीसीटीवी फुटेज में दिखे एक हुड पहने व्यक्ति की तस्वीरों का मिलान किया गया, जिससे जांच का फोकस चेतन चौधरी पर गया। बाद में लोणावला ग्रामीण पुलिस और स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान मिले तथ्यों ने कथित तौर पर सिया और चेतन के बीच पहले से रची गई साजिश की ओर इशारा किया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि सिया और चेतन एक-दूसरे के करीब थे। अधिकारियों ने जब चेतन से पूछा कि दोनों ने शादी तोड़कर साथ भागने का विकल्प क्यों नहीं चुना, तो उसने कथित तौर पर बताया कि सिया ऐसा नहीं चाहती थी। उसे डर था कि सगाई तोड़कर भागने से परिवार की बदनामी होगी।
पुलिस का मानना है कि इसी वजह से दोनों ने केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश रचने समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। स्थानीय अदालत ने दोनों को 29 जून तक पुलिस कस्टडी में भेजा है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है और मामले से जुड़े अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं।