मुंबई

सिया गोयल का पूछताछ में बड़ा खुलासा, बोली- केतन शादी तोड़ने को राजी नहीं था, अमीरी की दिखाता था धौंस

Ketan Agarwal Murder Conspiracy: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में नया खुलासा हुआ है। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान सिया गोयल ने पूरे मामले को अलग दिशा देने की कोशिश की। उसने दावा किया कि वह चेतन चौधरी से प्यार करती थी और यह बात उसने पहले ही केतन अग्रवाल को बताई थी।
3 min read
Jun 26, 2026
Ketan Agrawal Murder Case
केतन अग्रवाल, सिया गोयल और चेतन चौधरी (Photo: IANS)

Siya Goyal Confession: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में एक नया मोड़ सामने आया है। अब पुलिस की हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने हत्या की साजिश का ठीकरा एक-दूसरे पर फोड़ दिया है। दोनों अपने-अपने बयान में खुद का गुनाह कम बताने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पुलिस का दावा है कि अब तक की जांच में हत्या की पूरी साजिश रचने में सिया गोयल की मुख्य भूमिका सामने आई है।

पुलिस पूछताछ में दोनों ने लगाए एक-दूसरे पर आरोप

पुणे ग्रामीण पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, सिया गोयल ने पूछताछ में बताया कि उसने पहले ही केतन अग्रवाल को शादी से इनकार कर दिया था, लेकिन वह सगाई तोड़ने के लिए तैयार नहीं था। सिया का दावा है कि इसके बाद उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने केतन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

वहीं, चेतन चौधरी ने पुलिस को बताया कि हत्या का पूरा दबाव सिया ने उस पर बनाया था और उसी के कहने पर उसने वारदात को अंजाम दिया।

हालांकि, पुलिस का कहना है कि अब तक जुटाए गए सबूतों और जांच से यह संकेत मिलते हैं कि हत्या की पूरी साजिश सिया गोयल ने ही रची थी।

सिया ने पुलिस को क्या बताया?

पुलिस की पूछताछ के दौरान सिया गोयल ने पूरे मामले को अलग दिशा देने की कोशिश की। उसने दावा किया कि वह चेतन चौधरी से प्यार करती थी और यह बात उसने पहले ही केतन अग्रवाल को साफ-साफ बता दी थी। सिया के अनुसार, उसने केतन से कहा था, "मैं तुमसे शादी नहीं करना चाहती। मेरी तुमसे शादी करने की बिल्कुल इच्छा नहीं है और मैं यहां से भाग जाना चाहती हूं।" इसके बावजूद केतन शादी तोड़ने के लिए तैयार नहीं था।

सिया ने पूछताछ में यह भी दावा किया कि केतन ने उसे धमकी भरे लहजे में कहा था, "अब यह शादी किसी भी हालत में नहीं टूटेगी। मेरा परिवार बहुत अमीर और प्रभावशाली है। अगर तुम भाग भी गईं, तो हम तुम्हें ढूंढ़ निकालेंगे।"

सिया का कहना है कि केतन ने इसी तरह उसे शादी के लिए मजबूर करने की कोशिश की थी। हालांकि, पुलिस इन दावों की अभी जांच कर रही है।

पहले हादसा समझा गया था मामला

25 वर्षीय केतन अग्रवाल एक रियल एस्टेट कंपनी के निदेशक थे। उनकी मौत पुणे के मावल तालुका स्थित लोहागढ़ किले की खाई में गिरने से हुई थी। शुरुआत में पुलिस ने इसे हादसा मानकर मामला दर्ज किया था, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर कई ऐसे सबूत मिले, जिनसे यह एक सुनियोजित हत्या साबित हुई। इसके बाद पुलिस ने केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया।

31 मई से ही शुरू हो गई थी साजिश

पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल के अनुसार, 26 वर्षीय केतन ट्रैकिंग के शौकीन थे। 31 मई को सिया उनके साथ लोहागढ़ किले गई थी। जांच में सामने आया कि उसी दौरान उसने विंचू काटा (Vinchu Kata) के पास वह जगह चिन्हित की थी, जहां हत्या की वारदात को अंजाम दिया जा सकता था।

पुलिस के मुताबिक, 4 जून को भी सिया ने केतन को किले पर ले जाने की कोशिश की थी, लेकिन उसकी मां के विरोध के कारण यह योजना सफल नहीं हो सकी।

14 जून को पहली बार हत्या की कोशिश

जांच में यह भी सामने आया है कि 14 जून को सिया ने कथित तौर पर केतन को खाई में धक्का देने की कोशिश की थी। हालांकि, केतन एक झाड़ी पकड़कर बच गया। सिया ने उसे यह कहकर भरोसा दिलाया कि वह उसे सांप से बचाने की कोशिश कर रही थी और दोबारा उसका विश्वास जीत लिया।

इसके चार दिन बाद, 18 जून को सिया कथित तौर पर फिर केतन को लोहागढ़ किले लेकर पहुंची। इस बार चेतन चौधरी भी वहां मौजूद था। पुलिस का आरोप है कि दोनों ने मिलकर केतन को करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

Updated on:
26 Jun 2026 08:37 am
Published on:
26 Jun 2026 08:15 am