मुंबई

केतन अग्रवाल मर्डर केस: सिया-चेतन के अलावा कोई और भी था शामिल? पुलिस पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

Ketan Agarwal Murder Case: केतन अग्रवाल हत्याकांड में नया खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि सिया गोयल और चेतन चौधरी ने पूरी हत्या की साजिश अकेले रची थी। दुर्घटना दिखाने और पूछताछ में बचने की रणनीति भी पहले से तैयार कर ली थी।
2 min read
Jul 03, 2026
Sia Goyal Chetan Chaudhary pune
केतन अग्रवाल हत्याकांड में बड़ा खुलासा (Photo: X/ANI)

Siya Goyal Chetan Chaudhary: कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड (Ketan Agarwal Murder Case) में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। जांच में अब एक बड़ा तथ्य सामने आया है कि इस हत्याकांड की पूरी साजिश केवल सिया गोयल (20) और उसके प्रेमी चेतन चौधरी (22) ने ही रची थी। पुलिस को शुरुआत में शक था कि इस अपराध में किसी तीसरे व्यक्ति की भी भूमिका हो सकती है, लेकिन जांच में अब तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों ने पूरी योजना इस तरह बनाई थी कि किसी भी तीसरे व्यक्ति को इसकी भनक तक न लगे और पुलिस के हाथ कोई सुराग या गवाह न लग सके।

जांच में यह भी सामने आया है कि सिया और चेतन ने हत्या के बाद खुद को बचाने की रणनीति भी पहले से तैयार कर रखी थी। दोनों ने इस बात की पूरी तैयारी की थी कि यदि पुलिस की जांच उन तक पहुंच भी जाए तो वे क्या जवाब देंगे, दुर्घटना की कहानी कैसे पेश करेंगे और पूछताछ के दौरान किस तरह अपना बचाव करेंगे।

पुलिस जांच में सामने आया है कि सिया और चेतन इस बात को लेकर बेहद सतर्क थे कि मर्डर का कोई भी सुराग या सबूत पुलिस के हाथ न लगे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, केतन अग्रवाल की हत्या का पूरा ब्लूप्रिंट सिर्फ और सिर्फ सिया गोयल और चेतन चौधरी ने ही मिलकर तैयार किया था। इस मर्डर मिस्ट्री में किसी तीसरे शख्स की एंट्री नहीं हुई है, क्योंकि दोनों आरोपी बेहद शातिर थे।

पुलिस को क्यों था तीसरे शख्स पर शक?

जांच के शुरुआती दौर में पुलिस को संदेह था कि इतनी सुनियोजित वारदात को अंजाम देने में किसी और की भी भूमिका हो सकती है। इस आशंका का जिक्र पुलिस ने अदालत में भी किया था। हालांकि अब तक की जांच में सामने आया है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी ने पूरी साजिश बेहद गोपनीय तरीके से तैयार की थी। दोनों ने किसी तीसरे व्यक्ति को विश्वास में नहीं लिया, ताकि अपराध से जुड़ा कोई गवाह या सबूत सामने न आए।

क्या है पूरा मामला?

18 जून को केतन अग्रवाल की लोहगढ़ किले की खाई में गिरने से मौत हो गई थी। शुरुआत में सिया गोयल ने इसे एक सामान्य दुर्घटना साबित करने की कोशिश की। लेकिन घटनास्थल की जांच और सिया के व्यवहार में आए बदलाव ने पुलिस का शक बढ़ा दिया। इसके बाद जांच की दिशा बदल गई और पुलिस ने सिया गोयल तथा उसके प्रेमी चेतन चौधरी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

पूछताछ के दौरान कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिन्होंने इस मामले को हत्या की सुनियोजित साजिश की ओर मोड़ दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं।

Updated on:
03 Jul 2026 10:38 am
Published on:
03 Jul 2026 10:30 am