2 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

37 जगहों पर की थी केतन को मारने की प्रैक्टिस! सिया को लेकर साजिश वाली जगह पहुंची पुलिस, अहम सबूत जुटाए

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में हैरान करने वाली जानकारी सामने आई है। सिया गोयल और चेतन चौधरी ने कथित तौर पर 37 जगहों पर हत्या की रिहर्सल की थी। पुलिस ने हत्या वाले दिन सिया द्वारा पहने गए कपड़ों को भी जब्त कर लिया है।
3 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Jul 02, 2026

Ketan Agarwal Murder Case

केतन अग्रवाल हत्याकांड, मंगेतर सिया ने प्रेमी संग 37 जगहों पर की थी मर्डर रिहर्सल (Photo: X/IANS)

Siya Goyal Chetan Chaudhary: पुणे के रियल स्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। 26 वर्षीय केतन की हत्या के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी के खिलाफ पुलिस लगातार सबूत जुटा रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को पुणे ग्रामीण पुलिस ने सिया गोयल को साथ लेकर कई अहम जगहों पर पंचनामा किया और मामले से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।

केतन अग्रवाल मर्डर केस में पुलिस ने जांच तेज कर दी है और गुरुवार को मुख्य आरोपी सिया गोयल को उसके घर ‘लीला कुंज’ ले गई। वहां करीब 30 मिनट तक पुलिस ने तलाशी ली, सबूत इकट्ठा किए और केस से जुड़े अहम पहलुओं की जांच-पड़ताल की। पुलिस जांच की हर कड़ी को जोड़ने की कोशिश कर रही है।

तीन जगहों पर सिया को लेकर पहुंची पुलिस

लोनावला पुलिस के अनुसार, 18 जून को लोहगढ़ किले पर हुई वारदात से पहले और बाद में सिया गोयल जिन-जिन स्थानों पर गई थी, वहां पुलिस टीम पहुंची। आज जांच के दौरान तीन प्रमुख स्थानों पर पंचनामा किया गया, जहां सिया गोयल भी पुलिस के साथ मौजूद रही। इससे पहले पुलिस चेतन चौधरी को भी घटनास्थल पर ले जाकर सीन रीक्रिएशन करा चुकी है।

एक अधिकारी ने बताया कि अब तक कि अब तक की जांच में पता चला है कि सिया और चेतन ने लुल्लानगर स्थित एक क्लब के पास खुले स्थान पर साजिश रची थी कि केतन को लोहगढ़ किले की पहाड़ी से कैसे धक्का देना है। इसी सिलसिले में आज सिया को उस स्थान पर ले जाया गया।

हत्या वाले दिन पहने कपड़े भी किए जब्त

पुणे के मार्केट यार्ड इलाके में स्थित सिया गोयल के घर की तलाशी के दौरान वे कपड़े भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें उसने 18 जून को घटना वाले दिन कथित तौर पर पहना था। अधिकारियों का मानना है कि इन कपड़ों से फॉरेंसिक जांच में महत्वपूर्ण सबूत मिल सकते हैं।

37 जगहों पर हत्या की रिहर्सल करने का दावा

जांच में सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी ने कथित तौर पर केतन अग्रवाल की हत्या की योजना को अंजाम देने से पहले 37 अलग-अलग जगहों पर इसकी रिहर्सल की थी। पुलिस उन सभी स्थानों का निरीक्षण कर रही है और वहां पंचनामा भी किया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि दोनों आरोपियों ने वारदात की तैयारी किस तरह की और किन परिस्थितियों में अंतिम योजना बनाई।

पुलिस जांच के मुताबिक, 18 जून को पुणे के प्रसिद्ध लोहगढ़ किले पर 26 वर्षीय केतन अग्रवाल को गहरी खाई में धक्का देकर उसकी हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि केतन की मंगेतर सिया गोयल ने अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर इस हत्याकांड की साजिश रची थी। वारदात के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है। केतन अग्रवाल और सिया गोयल की शादी इसी साल नवंबर में होने वाली थी।

हर कड़ी जोड़ने में जुटी पुलिस

केतन हत्याकांड की जांच पर डीएसपी गजानन टोम्पे ने कहा, "अभी तक हमारी जांच सही दिशा में जा रही है। अदालत ने हमें 3 जुलाई तक के लिए उनकी कस्टडी दी है। कुछ जरूरी पंचनामे आज हमने किए और हम नियमबद्ध जांच कर रहे हैं।"

पुलिस के अनुसार, सिया (20) और चेतन (22) ने इसलिए केतन अग्रवाल की हत्या की, क्योंकि वह उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था। फिलहाल मामले की जांच कर रही लोनावला पुलिस घटनास्थलों के पंचनामे, फॉरेंसिक साक्ष्यों, आरोपियों के बयान और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में और भी महत्वपूर्ण खुलासे सामने आ सकते हैं।