मुंबई

केतन को किसने मारा? भाई के बाद सिया के माता-पिता से 11 घंटे की पूछताछ, खुले कई बड़े राज

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड की जचंह पुलिस तेजी से कर रही है। सिया गोयल के भाई के बाद उसके माता-पिता से 12 घंटे तक पूछताछ की गई। पुलिस हत्या की साजिश और प्रेम संबंधों के एंगल की गहराई से जांच कर रही है।
3 min read
Jun 28, 2026
Ketan Agrawal Murder Case
केतन अग्रवाल, सिया गोयल और चेतन चौधरी (Photo: IANS)

Pune Real Estate Developer Son Murder Siya Goyal: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि केतन अग्रवाल (26) की मंगेतर सिया गोयल (20) और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर इस सनसनीखेज हत्या की साजिश रची थी। दोनों ने पहले भी कई बार केतन को मारने की कोशिश की थी, लेकिन हर बार असफल रहे। आखिरकार 18 जून को लोहगढ़ किले से करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का देकर केतन की हत्या कर दी गई।

हत्या से पहले कई बार की थी लोहगढ़ की रेकी

जांच में सामने आया है कि सिया और चेतन ने वारदात से पहले कई बार लोहगढ़ जाकर रेकी की थी, ताकि हत्या की योजना को अंजाम दिया जा सके। मामले में सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के हाथ लगी है, जिसे जांच का अहम सबूत माना जा रहा है।

केतन अग्रवाल पुणे के प्रसिद्ध बिल्डर विशाल अग्रवाल के बेटे थे। विदेश से एमबीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह अपने पिता के निर्माण व्यवसाय से जुड़ गए थे। केतन अपने परिवार की रियल एस्टेट कंपनी सक्सेस ग्रुप में निदेशक और चीफ मार्केटिंग ऑफिसर थे। इसी साल नवंबर में केतन की सिया से शादी होने वाली थी।

सबसे पहले बहन को हुआ सिया पर शक

केतन की मौत के बाद सबसे पहले केतन की बहन को सिया गोयल पर शक हुआ था। उसने सिया से पूछा कि जब केतन फोटो खिंचवा रहा था, उस समय वह कहां थी। बहन के ऐसे कई सवालों का जवाब देते समय सिया घबरा गई थी, जिसके बाद शक और गहरा हो गया। मामले के सामने आने के बाद सिया के माता-पिता ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जिस जगह से केतन को खाई में धक्का दिया गया, वहीं से आरोपियों को भी धक्का दे देना चाहिए। इस बीच, पुलिस ने उन्हें शनिवार को पूछताछ के लिए बुलाया था।

सिया के प्रेम संबंध पर ये बोले माता-पिता

पुलिस पूछताछ में सिया गोयल के माता-पिता ने बताया कि उन्हें उसके प्रेम संबंधों की कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि शादी तय करने से पहले कई बार सिया से पूछा गया था कि क्या वह यह शादी करना चाहती है। हर बार उसकी सहमति मिलने के बाद ही रिश्ता तय किया गया था।

सिया के माता-पिता से 12 घंटे तक चली पूछताछ

जांच के सिलसिले में पुलिस ने सिया के पिता प्रवीण गोयल और मां पूजा गोयल से करीब 12 घंटे तक गहन पूछताछ की। दोनों शनिवार सुबह करीब 11 बजे लोनावला ग्रामीण पुलिस थाने पहुंचे थे और देर रात वहां से बाहर निकले।

इससे पहले शुक्रवार को सिया के भाई साहिल गोयल से भी करीब 10 घंटे तक पूछताछ की गई थी। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं।

भाई ने कहा- पता होता तो हम शादी रुकवा देते

लोनावला ग्रामीण पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, साहिल को शुक्रवार सुबह पूछताछ के लिए बुलाया गया था और देर शाम उसे जाने की अनुमति दी गई। इस दौरान अधिकारियों ने उससे सिया और सह-आरोपी चेतन चौधरी के रिश्ते, उनके संपर्क और मामले से जुड़े कई अहम पहलुओं पर सवाल पूछे। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में साहिल ने कहा, अगर सिया ने कहा होता कि उसे केतन पसंद नहीं है, तो हम केतन से शादी नहीं करवाते।

क्या शादी के लिए बनाया गया था दबाव?

पुलिस ने यह भी जानने की कोशिश की कि क्या सिया पर परिवार की ओर से शादी का दबाव बनाया जा रहा था। हालांकि पुलिस सूत्रों के अनुसार, सिया के माता-पिता ने बयान दिया है कि उन्हें सिया और चेतन चौधरी के प्रेम संबंधों की कोई जानकारी नहीं थी और उन्होंने बेटी पर शादी के लिए किसी तरह का दबाव नहीं डाला था।

पुलिस का कहना है कि मामले में जांच अभी जारी है। आने वाले दिनों में कुछ और लोगों से पूछताछ की जा सकती है और इस हत्याकांड से जुड़े कई नए खुलासे होने की संभावना है।

Updated on:
28 Jun 2026 09:10 am
Published on:
28 Jun 2026 08:59 am