मुंबई

सिर्फ गंजापन नहीं, केतन के हकलाने से भी चिढ़ती थी सिया? पिता बोले- पसंद नहीं था तो मना कर देती

Ketan Agarwal Murder Case: केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने आज पुणे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की और अपने बेटे के लिए न्याय की मांग की। जिसके बाद सीएम फडणवीस ने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और उज्ज्वल निकम को विशेष लोक अभियोजक नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं।
3 min read
Jun 26, 2026
Ketan Agarwal murder Siya Goyal
फास्ट-ट्रैक कोर्ट में चलेगा केतन अग्रवाल हत्याकांड का केस (Photo: X/@venom1s)

Pune Real Estate Developer Son Murder Siya Goyal: पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस पूछताछ के दौरान सिया गोयल (20) ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिया ने अधिकारियों को बताया कि उसे केतन पसंद नहीं था और वह उससे शादी नहीं करना चाहती थी। चेतन चौधरी से प्रेम संबंध के अलावा सिया को केतन की दो बातें पसंद नहीं थीं। पहली, केतन के सिर पर बाल कम थे और वह विग (हेयर पैच) पहनता था। दूसरी, वह बातचीत के दौरान कथित तौर पर थोड़ा हकलाता था। इस बीच, आज केतन के पिता ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की है। मुख्यमंत्री ने दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने का भरोसा दिया है।

‘पसंद नहीं था तो शादी से इनकार कर देती’

केतन के परिवार का कहना है कि उन्होंने शादी तय करने से पहले ही गोयल परिवार को यह बता दिया था कि केतन सिर पर छोटा सा हेयर पैच लगाता है। इसके बावजूद दोनों परिवारों ने शादी के लिए सहमति दी थी।

केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने कहा, "हमने पहले ही बता दिया था कि केतन हेयर पैच का इस्तेमाल करता है। क्या किसी की हत्या करने की यह कोई वजह हो सकती है? अगर वह पसंद नहीं था तो शादी से मना कर देती।"

मुख्यमंत्री से मिले केतन के पिता, अब SIT करेगी जांच

केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने शुक्रवार को पुणे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री से आरोपियों को कम से कम फांसी की सजा दिलाने की मांग की है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिया है कि मामले की जांच और सुनवाई में तेजी लाई जाएगी। उन्हें यह भी जानकारी दी गई कि इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है।

फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा केस

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना को बेहद चौंकाने वाला बताते हुए कहा कि यह सिर्फ एक आपराधिक मामला नहीं, बल्कि समाज के लिए गंभीर चिंतन का विषय भी है।

उन्होंने कहा, "यह घटना सोचने पर मजबूर करती है कि शिक्षित और संपन्न परिवारों के बच्चों में इतनी हिंसक और प्रतिशोध की भावना क्यों पैदा हो रही है। समाज को इस पर गंभीरता से विचार करना होगा कि ऐसा माहौल कैसे बनाया जाए, जिससे युवाओं में इस तरह की मानसिकता विकसित न हो।"

मुख्यमंत्री ने परिवार को आश्वस्त किया कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने में सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

उज्ज्वल निकम लड़ेंगे केस

मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, केतन अग्रवाल के परिवार की मांग पर इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने का निर्णय लिया गया है। साथ ही वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम को इस मामले में विशेष लोक अभियोजक नियुक्त करने का फैसला भी लिया गया है। मुख्यमंत्री ने इसके लिए तत्काल आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। उज्ज्वल निकम ने भी इस जिम्मेदारी के लिए अपनी सहमति दे दी है।

पुलिस पूछताछ में सिया ने क्या बताया?

जांच के दौरान सिया गोयल ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि वह केतन अग्रवाल से शादी नहीं करना चाहती थी। उसका कहना था कि वह पहले ही केतन को इस बारे में बता चुकी थी, लेकिन वह शादी तोड़ने के लिए तैयार नहीं था।

सिया ने यह भी कहा कि वह अपने परिवार की बदनामी नहीं चाहती थी। अगर शादी टूट जाती तो परिवार की प्रतिष्ठा पर असर पड़ता। इसलिए उसे लगा कि केतन को हमेशा के लिए रास्ते से हटाना ही सबसे आसान तरीका होगा। उसने यह भी दावा किया है कि केतन को मारने का प्लान उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने बनाया था। फिलहाल पुलिस उसके इन दावों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 18 जून को लोहगढ़ किले की ट्रैकिंग के दौरान 26 वर्षीय केतन अग्रवाल की गहरी खाई में धक्का देकर हत्या कर दी गई। मामले में उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि दोनों ने कई दिनों तक योजना बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया।

Published on:
26 Jun 2026 03:46 pm