
Siya Goyal Confession: पुणे के रियल स्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल (26) हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस पूछताछ में मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने हत्या की साजिश का आरोप एक-दूसरे पर लगाया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपी इस जघन्य अपराध का मास्टरमाइंड खुद को न बताकर एक-दूसरे को ठहराने में लगे हैं। लेकिन अब तक की जांच में हत्या की पूरी साजिश रचने में सिया गोयल की मुख्य भूमिका सामने आई है।
पुलिस की पूछताछ के दौरान सिया गोयल ने दावा किया कि वह चेतन चौधरी से प्यार करती थी और यह बात उसने पहले ही केतन अग्रवाल को साफ-साफ बता दी थी। सिया के अनुसार, उसने केतन से कहा था, "मैं तुमसे शादी नहीं करना चाहती। मेरी तुमसे शादी करने की बिल्कुल इच्छा नहीं है और मैं यहां से भाग जाना चाहती हूं।" इसके बावजूद केतन शादी तोड़ने के लिए तैयार नहीं था।
सिया ने पूछताछ में यह भी दावा किया कि केतन ने उसे धमकी दी थी कि उसे हर हाल में उससे शादी करनी पड़ेगी। उसका परिवार बहुत अमीर और प्रभावशाली है। अगर वह भागी भी तो उसे ढूंढ़ लिया जाएगा।
उधर, सिया के माता-पिता का कहना है कि उन्होंने बेटी से कई बार शादी को लेकर पूछा था और वह राजी भी थी। अगर उसने अपने मंगेतर को मारा है तो उसे भी उसी पहाड़ी से धक्का दे देना चाहिए। केतन अच्छा लड़का था, वह और उसका परिवार सिया का पूरा ख्याल रखता था।
इस बीच, पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूरे मामले की जांच के दौरान सिया गोयल के चेहरे पर अपने किए को लेकर जरा भी पछतावा नहीं दिखा। वहीं, उसके प्रेमी चेतन चौधरी के व्यवहार से कुछ हद तक पछतावे के संकेत मिले हैं। वह जांच में पुलिस का सहयोग कर रहा है। हालांकि, पुलिस अभी दोनों से लगातार पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है। चेतन के पिता ने उसके निर्दोष होने का दावा किया है।
पुलिस जांच में यह भी दावा किया गया है कि सिया ने 6 जून को केतन का पासपोर्ट फेंक दिया था, ताकि हत्या की साजिश को आसानी से अंजाम दिया जा सके।
वहीं, चेतन चौधरी की दुकान में काम करने वाले एक कर्मचारी के बयान से भी अहम जानकारी मिली है। कर्मचारी ने पुलिस को बताया कि 18 जून को चेतन अपना मोबाइल फोन दुकान पर छोड़ गया था और उसकी जगह कर्मचारी का मोबाइल लेकर लोहागढ़ किले गया था। पुलिस इसे सबूत छिपाने की कोशिश मानकर जांच कर रही है।
जांच के दौरान पुलिस को पुणे के एक कैफे की सीसीटीवी फुटेज भी मिली है। इसमें 31 मई से 4 जून के बीच सिया और चेतन कई बार मुलाकात करते दिखाई दिए हैं। पुलिस अब इन बैठकों का उद्देश्य जानने के लिए दोनों से पूछताछ कर रही है।
पुणे ग्रामीण पुलिस की टीम गुरुवार को सिया गोयल को लेकर लोहागढ़ किले पहुंची, जहां पूरे घटनाक्रम का क्राइम सीन रीक्रिएशन कराया गया। वहीं, फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आगे भी कई अहम खुलासे हो सकते हैं।