
Siya Goyal Chetan Chaudhary: पुणे के 26 वर्षीय कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड (Ketan Agrawal Murder Case) को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में पता चला है कि सिया गोयल (20) और उसके प्रेमी चेतन चौधरी (22) द्वारा रची गई हत्या की साजिश की जानकारी एक और युवक को भी थी। पुणे ग्रामीण पुलिस ने उस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इसी के साथ पुलिस का वह संदेह भी सही साबित होता दिख रहा है कि इस वारदात की जानकारी किसी तीसरे व्यक्ति को भी थी। सिया और चेतन पिछले 11 दिनों से पुलिस की हिरासत में है।
आज सिया गोयल और चेतन चौधरी की पुलिस हिरासत खत्म हो रही है। दोनों को दोपहर दो बजे के बाद वडगांव मावल कोर्ट में पेश किया जाएगा। इससे पहले सामने आई इस नई जानकारी ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि हिरासत में लिया गया युवक चेतन चौधरी का क्लासमेट था। सिया और चेतन ने केतन अग्रवाल की हत्या की पूरी योजना कथित तौर पर इसी युवक के साथ साझा की थी। दोनों ने उसे 18 जून को लोहगढ़ किले पर साथ चलने के लिए भी कहा था, लेकिन वह वहां नहीं गया।
सबसे अहम खुलासा यह है कि केतन अग्रवाल की हत्या के बाद चेतन सबसे पहले इसी दोस्त से मिला था। जांच में यह भी सामने आया है कि सिया गोयल ने भी इस युवक से बातचीत की थी। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसे साजिश की कितनी जानकारी थी और उसने इस मामले में कोई भूमिका निभाई या नहीं।
जानकारी के मुताबिक, यह युवक मूल रूप से महाराष्ट्र के बीड जिले का रहने वाला है और फिलहाल पुणे के बालेवाड़ी स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। बताया जा रहा है कि मई के अंतिम सप्ताह से वह चेतन चौधरी के संपर्क में था। पुलिस का मानना है कि केतन की हत्या की साजिश इसी दौरान रची गई थी। पुणे ग्रामीण पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है और उसके बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूछताछ में यह भी सामने आया है कि इस युवक ने सिया और चेतन को केतन अग्रवाल की हत्या नहीं करने की सलाह दी थी। हालांकि, इसके बावजूद दोनों ने अपनी योजना को अंजाम दिया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि युवक ने घटना की जानकारी किसी और को क्यों नहीं दी और घटना में उसकी भूमिका क्या रही।
18 जून को पुणे के लोहगढ़ किले से गिरने के कारण केतन अग्रवाल की मौत हुई थी। शुरुआत में इसे हादसा बताया गया था, लेकिन घटनास्थल की जांच और सिया गोयल के व्यवहार पर संदेह होने के बाद पुलिस ने जांच का रुख बदल दिया। बाद में पूछताछ के दौरान सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने हत्या की बात कबूल की। तब से इस मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। फरवरी में सगाई होने के बाद केतन और सिया की शादी इसी साल नवंबर में होने वाली थी। सिया केतन से शादी नहीं करना चाहती थी।