मुंबई

सिया-केतन केस में नया ट्विस्ट, सिया चेतन के करीब तो थी, पर शादी को तैयार नहीं

Siya Goyal Chetan Chaudhary: केतन अग्रवाल मर्डर केस में आए दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं। दरअसल, अब खबर आ रही है कि सिया आरोपी प्रेमी के करीब जरूर थी, लेकिन उससे शादी करने का अभी तक मन नहीं बना पा रही थी। इसलिए वह अपनी लाइफ में थोड़ा समय लेना चाहती थी।
3 min read
Jun 26, 2026
Pune Fort Murder Investigation
केतन, सिया और चेतन की फोटो

Ketan Agrawal Murder New Twist: पूरे देश में सुर्खियां बटोर रहा केतन अग्रवाल मर्डर केस में अब एक नया ट्विस्ट सामने आ रहा है। टाइम्स ऑफ इंडिया ने अपने सूत्रों से पुलिसिया जांच के आधार पर बताया है कि सिया अपनी ज़िंदगी में थोड़ा वक्त चाहती थी, घर वालों का दबाव था इसलिए शादी से साफ मना नहीं कर पाई। पुलिस को यह भी शक है कि वो चेतन के करीब जरूर आ गई थी, लेकिन उससे शादी करने की भी उसकी कोई मंशा नहीं थी।

वैसे अब जो तस्वीर सामने आ रही है, वो किसी फिल्म की कहानी से कम नहीं। गिरफ्तार दोनों आरोपी केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसका कथित साथी चेतन चौधरी, पुलिस की हिरासत में एक-दूसरे पर ही उंगली उठाने लगे हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सिया ने कहा कि हत्या की पूरी योजना चेतन ने बनाई। दूसरी तरफ चेतन का कहना है कि सिया ने उसे मजबूर किया। दोनों की कहानियां एक-दूसरे से बिल्कुल उलट हैं। लेकिन पुलिस के एक अधिकारी ने साफ बताया कि अब तक जो सबूत जुटाए गए हैं, उनसे लगता है कि इस पूरे मर्डर प्लान की असली मास्टरमाइंड सिया गोयल ही है।

दिवाली पार्टी में शुरू हुई जान-पहचान, और फिर...

पुलिस की जांच में सामने आया है कि सिया और चेतन की पहली मुलाकात पिछले साल एक दिवाली पार्टी में हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नज़दीकियां बढ़ीं। जांच अधिकारियों का कहना है कि दोनों लगातार संपर्क में रहे और इसी दौरान केतन को रास्ते से हटाने की बातें भी होती रहीं।

सिया और केतन की सगाई इसी फरवरी में हुई थी और इसी साल शादी होनी थी। लेकिन पुलिस के मुताबिक सिया इस रिश्ते को लेकर अंदर से तैयार नहीं थी। परिवार का दबाव था, इसलिए वो ‘ना’ भी नहीं कह पा रही थी और दूसरी तरफ केतन भी शादी तोड़ने को तैयार नहीं था।

तीसरी कोशिश में कामयाब हुई सिया

जांच में चौंकाने वाली बात यह निकली कि 31 मई को भी सिया और केतन लोहागड़ किला घूमने गए थे। पुलिस का कहना है कि उस दिन सिया के मन में पहली बार यह ख्याल आया जब उसने केतन को किले की दीवार के पास बैठे देखा। फिर 14 जून को एक और कोशिश हुई। पुलिस को शक है कि सिया ने उस दिन केतन को धक्का देने की कोशिश की, लेकिन वो बच गया। इसके बाद सिया ने 'सांप दिख गया' का बहाना बनाया और धक्के को हादसा बताया। 18 जून को तीसरी बार गए और इस बार केतन वापस नहीं आया।

‘मेरी बेटी को भी वहीं से धकेल दो’

इस पूरे मामले में सबसे दर्दनाक बयान आया सिया के खुद के मा-बाप का। सिया की मां पूजा गोयल ने कहा कि अगर उनकी बेटी इस जुर्म में शामिल पाई जाए, तो उसे भी उसी जगह से धकेल दिया जाए जहां से केतन को गिराया गया। उन्होंने कहा कि सिया ने कभी नहीं बताया कि उसे यह शादी मंज़ूर नहीं। चेतन का नाम भी हमने पहले कभी नहीं सुना था। वो हमारे घर कभी नहीं आया। सगाई के बाद सिया सिर्फ केतन से बात करती थी। वहीं सिया के पिता प्रवीण गोयल ने भी यही कहा कि जो भी दोषी हो, चाहे उनकी अपनी बेटी ही क्यों न हो, उसे सख्त से सख्त सज़ा मिलनी चाहिए।

‘19 साल की बच्ची ऐसा कर सकती है?’

प्रवीण गोयल ने यह भी कहा कि सिया सीधी-सादी लड़की थी और उन्हें उसके किसी प्रेम संबंध की कोई खबर नहीं थी। 19 साल की उम्र में वह ऐसा कर सकती है, ये मैं खुद यकीन नहीं कर पा रहा हूं। वही इस हत्याकांड में पीड़ित मृत केतन के चाचा विजय अग्रवाल ने कहा कि उनका भतीजा पढ़ा-लिखा था, 26 साल का था। मां-बाप की बात मानकर शादी के लिए हां कही और उसे मार दिया गया। मुझे बस देश के कानून पर भरोसा है। दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।

आगे क्या?

फिलहाल सिया गोयल और चेतन चौधरी दोनों 29 जून तक पुलिस हिरासत में हैं। जांच जारी है। पुलिस सबूत दर सबूत जोड़ रही है। पूछताछ में कई तरह की बातें पता चल रही है जिसके आधार पर कई बार ये केस पेचीदा भी दिख रहा है।

Published on:
26 Jun 2026 12:14 pm
Also Read
View All