मुंबई

Rain Alert: मुंबई सहित पूरे कोंकण में अगले 5 दिन अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी, पालघर में रेड अलर्ट, स्कूल-कॉलेज में छुट्टी घोषित

Maharashtra Weather Update: मौसम विभाग (IMD) ने कोंकण क्षेत्र के मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में अगले 5 दिनों तक भारी से अत्यधिक बारिश का अलर्ट जारी किया है। पालघर में रेड अलर्ट के चलते 2 जुलाई को स्कूल, कॉलेज बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।
2 min read
Jul 01, 2026
IMD Konkan Weather Alert
मुंबई-ठाणे-पालघर समेत कई जिलों में बारिश की चेतावनी (Photo: IANS/File)

Mumbai-Konkan Rain Alert: महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र में मानसून का रौद्र रूप दिख रहा है। बीते दो दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कोंकण के लिए अगले पांच दिनों तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में कई स्थानों पर भीषण बरसात होने की संभावना जताई गई है। विभाग ने कहा है कि कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

आईएमडी के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, मुंबई, ठाणे और पालघर में 1 से 5 जुलाई तक अधिकांश दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इनमें पालघर जिले में 2 जुलाई को कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने इन सभी जिलों में अलग-अलग दिनों में ऑरेंज और रेड अलर्ट घोषित किया हुआ है।

रायगढ़ और रत्नागिरी में भी झमाझम बारिश

रायगढ़ जिले में रविवार तक भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है। वहीं, कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। रत्नागिरी जिले में भी कई इलाकों में लगातार भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। सिंधुदुर्ग में भी अगले पांच दिनों तक बारिश आफत बनकर बरसेगी।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। भारी बारिश के कारण जलभराव, नदियों का जलस्तर बढ़ने और यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग के आधिकारिक अपडेट पर नजर रखने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

पालघर में रेड अलर्ट के चलते स्कूल-कॉलेज बंद

मौसम विभाग द्वारा 2 जुलाई (गुरुवार) के लिए पालघर जिले में रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी इंदुरानी जाखड़ ने जिले के सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्रों में एक दिन की छुट्टी घोषित कर दी है। यह फैसला छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, क्योंकि जिले में अत्यधिक भारी बारिश और जलभराव की आशंका जताई गई है।

प्रशासन ने जिला आपदा प्रबंधन, पुलिस और स्थानीय निकायों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। लोगों से अपील की गई है कि बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें, नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहें तथा किसी भी अफवाह पर विश्वास न कर केवल प्रशासन और मौसम विभाग की आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।

Published on:
01 Jul 2026 07:23 pm