मुंबई

लाडकी बहीन योजना में करोड़ों रुपये की गड़बड़ी का खुलासा, सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े

Maharashtra Ladli Behna Yojana : मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिण योजना (Mukhyamantri Ladki Bahin Yojana) की नवंबर और दिसंबर महीने की किस्त का लाभार्थी महिलाएं बेसब्री से इंतजार कर रही हैं। इस बीच एक बड़ी खबर आई है।

2 min read
Dec 31, 2025
Ladki Bahin Yojna Update

Ladki Bahin Yojana Update: महाराष्ट्र की महायुति सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिण योजना’ (Majhi Ladki Bahin Yojana) आज राज्य की लाखों महिलाओं के लिए आर्थिक सहारा बन चुकी है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये दिए जाते हैं। हालांकि, बीते एक साल के दौरान योजना से जुड़ी कई अनियमितताएं भी सामने आई हैं। जिसके चलते सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ।

सूचना के अधिकार (RTI) के तहत मिली जानकारी ने प्रशासन की नींद उड़ा दी। खुलासे में सामने आया है कि 12,900 से अधिक सरकारी कर्मचारियों ने नियमों को ताक पर रखकर इस योजना का अवैध रूप से लाभ उठाया है। भाजपा नीत महायुती सरकार द्वारा शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की सहायता देना था। लेकिन RTI से मिली जानकारी के मुताबिक, 12,915 सरकारी कर्मचारी अपात्र होने के बावजूद हर महीने इस राशि का लाभ उठा रहे थे।

ये भी पढ़ें

लाडली बहनों की बल्ले-बल्ले! 1500 नहीं, अब सीधे मिल सकते हैं 4500 रुपये, कब…

हैरानी की बात यह है कि इससे पहले महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे ने केवल 2,400 सरकारी कर्मचारियों के लाभ लेने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद आये आंकड़ों ने इस संख्या को तीन गुना बढ़ा दिया है।

अक्टूबर में सामने आई एक रिपोर्ट के अनुसार, केवल सरकारी कर्मचारी ही नहीं, बल्कि 12,431 पुरुष और 77,980 अपात्र महिलाएं भी इस योजना का लाभ लेती पाई गई थीं। इन फर्जी लाभार्थियों की वजह से राज्य सरकार को 164 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

कड़ी कार्रवाई के आदेश

महिला एवं बाल विकास विभाग ने इस गड़बड़ी के सामने आने के बाद संबंधित विभागों को आदेश जारी किए हैं कि ऐसे कर्मचारियों की पहचान कर उन पर तत्काल सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही, ऐसे अपात्र लोगों को दी गई राशि की वसूली की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

वर्तमान में महाराष्ट्र में करीब 2.4 करोड़ महिलाएं मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहीन योजना (Maharashtra Mukhyamantri Meri Ladli Behen Scheme) का लाभ ले रही हैं, जिससे सरकारी खजाने पर हर महीने लगभग 3,700 करोड़ रुपये का बोझ पड़ रहा है।

एक साथ जमा होगी 3 किश्तें?

लाडकी बहीन योजना की नवंबर, दिसंबर और जनवरी की किस्तों की तारीख को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। हालांकि चुनाव खत्म होने के बाद लाडली बहनों को बड़ा तोहफा मिल सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 29 महानगरपालिकाओं के चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवंबर, दिसंबर और जनवरी की राशि एक साथ दी जा सकती है। अगर ऐसा होता है तो पात्र महिलाओं के खाते में सीधे 4,500 रुपये जमा हो सकते हैं। हालांकि, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।

Updated on:
31 Dec 2025 11:46 am
Published on:
31 Dec 2025 11:10 am
Also Read
View All

अगली खबर