मुंबई

17 करोड़ का पैलेस और 2 प्लेन थे बुक, पर मंगेतर के दिल में था कोई और? केतन अग्रवाल मौत मामले में नया मोड़

Ketan Agrawal Lohagad Fort Death: पुणे के लोहगढ़ किले पर 26 वर्षीय केतन अग्रवाल की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में हादसे की जगह हत्या की साजिश का एंगल सामने आया। होने वाली पत्नी और उसके कथित प्रेमी से पूछताछ जारी है।

3 min read
Jun 23, 2026
Lohagad Fort Ketan Agrawal
24 वर्षीय केतन अग्रवाल की मौत मामले में बड़ा खुलासा (Photo: X)

Pune Lohagad Fort Incident: महाराष्ट्र के पुणे जिले के प्रसिद्ध लोहगढ़ किले पर 26 वर्षीय युवक केतन अग्रवाल की मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। शुरुआती जांच में इसे ट्रेकिंग के दौरान हुआ हादसा माना जा रहा था, लेकिन अब पुलिस जांच में सामने आया है कि केतन खाई में फिसलकर नहीं गिरा था, बल्कि उसे कथित तौर पर धक्का देकर नीचे गिराया गया था। मामले में पुलिस ने उसकी होने वाली पत्नी सिया गोयल (Siya Goyal) और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी (Chetan Chaudhary) को गिरफ्तार किया है। दोनों से कड़ी पूछताछ चल रही है। चेतन और सिया की शादी इसी साल नवंबर में होने वाली थी। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था और जयपुर में भव्य समारोह की योजना बनाई गई थी।

पुणे ग्रामीण पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, घटना के बाद शुरुआती जांच के दौरान मिले कुछ सुरागों के आधार पर हमने आगे भी जांच जारी रखी। हमारी जांच में अब यह स्पष्ट हो गया है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी। इस मामले में हमने मृतक की मंगेतर और उसके एक पुरुष मित्र को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच तेजी से जारी है।

केतन अग्रवाल और सिया गोयल

जन्मदिन मनाने गए थे लोहगढ़ किला

जानकारी के मुताबिक, 26 वर्षीय केतन विशाल अग्रवाल 18 जून को अपनी मंगेतर सिया गोयल का जन्मदिन मनाने के लिए पुणे के प्रसिद्ध लोहगढ़ किले पर पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह दोनों किले की सैर कर रहे थे और मोबाइल से तस्वीरें ले रहे थे। इसी दौरान केतन खाई के किनारे खड़े होकर फोटो के लिए पोज दे रहे थे। आरोप है कि उसी समय उन्हें पीछे से धक्का दे दिया गया, जिससे वे गहरी खाई में जा गिरे।

घटना के बाद सिया गोयल ने मदद के लिए शोर मचाया और इसे हादसा दिखाने की कोशिश की। जब पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, तो उसने बताया कि फोटो खिंचवाते समय केतन का संतुलन बिगड़ गया था और उनका पैर फिसलने से वे खाई में गिर गए। हालांकि, बाद की जांच में पुलिस को इस कहानी पर संदेह हुआ और मामला हत्या की साजिश की ओर मुड़ गया।

तुरंत शुरू किया गया बचाव अभियान, नहीं बच सकी जान

घटना की सूचना मिलते ही लोनावला ग्रामीण पुलिस सहित कई रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंची। कठिन बचाव अभियान चलाकर केतन को खाई से बाहर निकाला गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

शुरुआत में पुलिस ने इसे दुर्घटनावश मृत्यु मानकर मामला दर्ज किया था, लेकिन जांच के दौरान कई ऐसे तथ्य सामने आए जिन्होंने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया।

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

पुलिस ने तकनीकी जांच और किले के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की। जांच के दौरान एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। भीषण गर्मी के बावजूद वह हुडी पहनकर घूम रहा था और अपने चेहरे को छिपाने की कोशिश कर रहा था।

इसके बाद पुलिस ने उसकी गतिविधियों और कॉल रिकॉर्ड की जांच की। जांच में सामने आया कि वह केतन की मंगेतर सिया का कथित प्रेमी चेतन चौधरी है। घटना के दौरान वह उसी इलाके में मौजूद था। इसके बाद पुलिस का शक गहराया और पूछताछ में साजिश की परतें खुलने लगीं।

प्रेम प्रसंग का एंगल आया सामने

रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि युवती इस शादी से खुश नहीं थी। इसी वजह से कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसने केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

आरोप है कि सुनसान जगह का फायदा उठाकर केतन को खाई में धक्का दिया गया, जिससे वह करीब 400 फीट नीचे जा गिरा और उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करेगी।

नवंबर में थी भव्य शादी की तैयारी

इस घटना के बाद केतन और सिया दोनों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। केतन और सिया की शादी इसी साल नवंबर में होने वाली थी। दोनों परिवारों ने शादी के लिए बेहद भव्य तैयारियां की थीं। शादी के लिए जयपुर में 17 करोड़ रुपये खर्च करके एक आलीशान पैलेस बुक किया गया था। यही नहीं, शादी में आने वाले मेहमानों को ले जाने के लिए दो विशेष चार्टर्ड विमानों का भी इंतजाम किया गया था।

Updated on:
23 Jun 2026 03:22 pm
Published on:
23 Jun 2026 02:29 pm